LUCKNOW NEWS: मंडलायुक्त की अध्यक्षता में कुकरैल नदी को विकसित करने व पौधरोपण के संबंध में हुई बैठक

लखनऊ (ब्यूरो)। कुकरैल नदी के 4.30 किमी तक पौधरोपण कराया जाएगा। इस काम में सभी विभागों की ओर से अपने स्तर से जिम्मेदारी निभाई जाएगी। इससे पहले प्लांटेशन को लेकर मास्टर प्लान भी तैयार कराया जाएगा। ये निर्देश मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब की ओर से दिए गए हैैं।

बैठक में हुए कई निर्णय

मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में कुकरैल नदी को विकसित करने व पौधारोपण के संबंध में आयुक्त सभागार में बैठक हुई। जिसमें एलडीए की ओर से कुकरैल नदी को विकसित करने व पौधरोपण को लेकर बनाए गए डीपीआर का प्रेजेंटेशन दिया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि कुकरैल नदी के किनारे जामुन, पनिया, अर्जुन आदि विभिन्न पौधों को लगाया जाए, जिससे वर्षा ऋतु के दौरान जल भराव होने पर भी ये सभी पौधे सरवाइव कर सकें। इसके साथ ही यहां पर पंचवटी एवं औषधि वाटिका भी विकसित किया जाए। कुकरैल नदी के किनारे अयोध्या रोड पर सौमित्र वन एवं शक्ति वन विकसित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशानुरूप रिवर साइट पर पौधारोपण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना है। डीएफओ अच्छे गुणवत्ता के पौधे संबंधित विभागों को उपलब्ध कराएं।

वन क्षेत्र हो रहा है कम

मंडलायुक्त ने जनपद के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा की वन क्षेत्र कम होता जा रहा है। ऐसे में हम सभी को पौधरोपण में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाए जाने के साथ ही साथ उनको सुरक्षित रखने की भी उतनी ही आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति में संतुलन बनाए रखने के लिए तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पेड़-पौधे लगाना बहुत जरूरी है। इस दिशा में सभी विभागों को संयुक्त प्रयास करने होंगे।

कुकरैल नदी के आसपास डेवलपमेंट

एलडीए की ओर से अब कुकरैल नदी के आसपास डेवलपमेंट पर भी फोकस किया गया है। एलडीए की ओर से इस दिशा में कार्ययोजना भी तैयार की जा चुकी है। यहां पर थ्री लेयर प्लान बनाया गया है। जिसे इंप्लीमेंट करने की दिशा में कदम भी आगे बढ़ा दिए गए हैैं। सबसे पहले तो यहां पर पौधरोपण पर फोकस किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ रिवर फ्रंट की तर्ज पर इसे डेवलप भी किया जाना है। इसके साथ ही कुकरैल नदी के पानी शुद्धीकरण पर भी फोकस किया जा रहा है। जहां से कुकरैल नदी का उद्गम हुआ है, वहां पर प्राकृतिक जलाशय री फॉर्म किए जा रहे हैैं।

2024-06-27T15:49:45Z dg43tfdfdgfd