MP RAIN: पहली बारिश में ही डूबे जबलपुर के कई इलाके, दो घंटे लोक निर्माण मंत्री घुटने भर में घूमते रहे

जबलपुर: गुरुवार की शाम जबलपुर में जोरदार बारिश हुई है। आधे घंटे की बारिश में शहर पानी-पानी हो गया है। शहर के निचले हिस्से में पानी भर गया है। सड़कों पर इतना पानी आ गया कि घरों में भरने लगे। इसके बाद कई इलाकों में स्थिति बिगड़ गई है। तेज बारिश के चलते पश्चिम विधानसभा के अंतर्गत गढ़ा वार्ड में गंगा नगर और चंदन नगर कॉलोनी की सड़कों पर पानी ही पानी था। साथ ही लोगों के घरों में पानी भर गया। इसकी सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

घुटने भर पानी में चलते रहे मंत्री

मंत्री राकेश सिंह ने क्षेत्र के रहवासियों से भी चर्चा की। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को पानी निकासी की व्यवस्था बनाने निर्देश दिए। राकेश सिंह ने सड़कों पर घुटनों तक भरे पानी में पैदल चलकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। लोक निर्माण मंत्री के सड़कों पर भरे पानी में चलने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। राकेश सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों को पानी निकासी का समाधान करने के निर्देश दिए।

कई वर्षों से पानी भरने की समस्या

स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण मंत्री को इलाके में कई वर्षो से पानी भरने की समस्या से अवगत कराया। मंत्री करीब दो घंटे तक पानी में घूमते रहे हैं। इस दौरान मंत्री घुटनों तक भरे पानी में पैदल भ्रमण करते क्षेत्र का जायजा लेते रहे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा की और उनकी इस समस्या को स्थायी रूप से हल करने का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि मानसून की पहली बारिश में जबलपुर जलमग्न हो गया है। ऐसे में आप सहज अंदाजा लगा सकते हैं कि आगे चलकर शहर की स्थिति क्या होने वाली है। मानसून से पहले नगर निगम की तरफ से बड़े बड़े दावे किए थे। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए हम तैयार हैं लेकिन पहली बारिश में ही निगम की पोल खुल गई है।

सभी लेटेस्ट न्यूज़, बिज़नेस न्यूज़, लोकल न्यूज़, स्पोर्ट्स न्यूज़, दैनिक राशिफ़ल और लाइफस्टाइल अपडेट्स के लिए जुड़ें नवभारत टाइम्स से. हर तरह के वीडियो और रील्स देखें TimesXP पर.

2024-06-28T05:55:50Z dg43tfdfdgfd