DELHI FLOOD HIGHLIGHTS: पहली बारिश से ही दिल्ली पानी-पानी, 11 लोगों की मौत

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मूसलाधार बारिश जारी है। मानसून के पहले दिन से दिल्ली में जोरदार बारिश हो रही है। इससे लोगों के हाल बेहाल है। भारी बारिश की वजह से शनिवार को 6 लोगों की मौत हो गई। कुल मिलाकर दो दिन में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है। जगह-जगह जल भराव की समस्या देखने को मिल रही है। दिल्ली में 28 जून से मानसून की बारिश शुरू हुई। पहले दिन 228.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह जून महीने में 1936 के बाद सबसे अधिक है। बारिश को देखेत हुए मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।

वसंत विहार इलाके में एक निर्माण स्थल पर दीवार गिर गई। जिससे मलबे में 3 मजदूर दब गए। बाद में दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने 3 मजदूरों को बाहर निकाला। डीएफएस अधिकारियों ने कहा कि दो मजदूरों की पहचान संतोष कुमार यादव (19) और संतोष कुमार (20) के रूप में की गई है। वहीं तीसरे मजदूर की पहचान दयाराम (45) के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ साइट पर काम करता था।

पुलिस ने बताया कि शनिवार को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बादली में पानी से भरे अंडरपास में 2 बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। ओखला में एक 60 साल के व्यक्ति की मौत हो गई है। वो पानी से भरे अंडरपास में अपने स्कूटर के साथ फंस गए थे। मृतक का नाम दिग्विजय कुमार चौधरी है। वो दिल्ली के जैतपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने कहा कि मेट्रो नजदीक अंडरपास में लगभग 2.5-3 फीट पानी भरा हुआ था। इस बीच, शनिवार दोपहर बाहरी उत्तरी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में दो लड़के अंडरपास के पानी से भरे हिस्से में डूब गए।

2024-06-30T11:08:48Z dg43tfdfdgfd