DINDORI NEWS : डिंडौरी में खरमेर नदी में बाढ़ के चलते पांच घंटे बंद रहा अमरपुर-डिंडौरी मार्ग

नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी अमरपुर। डिंडौरी के अमरपुर विकासखंड मुख्यालय के समीप डिंडौरी मार्ग में खरमेर नदी में आई बाढ़ के चलते पानी पुल के ऊपर आ गया, जिसके चलते यह मार्ग बंद हो गया। क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा के चलते नदी में बाढ़ आ गई, जिससे अमरपुर से डिंडौरी, चांदपुर खजरी निगवानी मार्ग सुबह नौ बजे से बंद रह। इस मार्ग में दोपहर दो बजे के बाद ही आवागमन बहाल हो सका।

बाढ़ होने के चलते पुलिस भी पुल के दोनों ओर तैनात

नदी में बाढ़ होने के चलते पुलिस भी पुल के दोनों ओर तैनात रही। जिला मुख्यालय से कम दूरी व मुख्य मार्ग होने के चलते अधिकारी, कर्मचारी व व्यापारियों का इसी मार्ग से विशेष तौर पर आना-जाना लगा रहता है। मंगलवार साप्ताहिक बाजार होने के कारण बाढ़ से नदी के दोनों तरफ वाहनों का जमावड़ा लग गया।

बस चालक की लापरवाही, जिंदगी से खिलवाड़

चार पहिया, दो पहिया वाहन चालक परेशान होते रहे। यद्यपि कुछ लोग जान जोखिम में डालकर भी पुल पार करते नजर आए। लोगों ने बताया कि बस चालक ने जबरन नदी पार की, जबकि पानी पुल के ऊपर से बह रहा था।

लापरवाही पर ढाई हजार रुपये का चालान काटा

पुलिस चौकी अमरपुर के स्टाफ द्वारा वाहन चालक को समझाइश देकर इस लापरवाही पर ढाई हजार रुपये का चालान काटा। इस मार्ग में आवागमन बंद होने से समय पर कार्यालय आ जा नहीं सके। दोपहर दो बजे पानी कम होने के बाद अप डाउन वाले अधिकारी कर्मचारी अपने-अपने कार्यालय पहुंचे।

2024-07-03T08:48:55Z dg43tfdfdgfd