JHARKHAND WEATHER: रांची समेत झारखंड में तीन दिनों तक मॉनसून एक्टिव, कई जिलों में 5 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना

रांचीः झारखंड में इन दिनों मॉनसून एक्टिव है। रांची समेत राज्य के अधिकतर जिलों में मंगलवार से ही रुक-रुककर झमाझम बारिश हो रही है। बुधवार को भी बारिश का सिलसिला जारी है। पूरा राज्य अब मॉनसून की बारिश से तर है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि दक्षिणी-पश्चिम मॉनसून ने पूरे भारत को कवर लिया है। इसका वास्तविक तिथि आठ जुलाई है, लेकिन छह दिन पहले ही मॉनसून पूरे देश पर छा गया है।

5 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी बिहार में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बन रहा है। इसके अलावा एक टर्फ बन रहा है, जो उत्तरी पंजाब से मिजोरम की ओर जा रहा है। दोनों सिस्टम का असर झारखंड में भी दिख रहा है। इस वजह से 5 जुलाई तक अच्छी बारिश होगी। 6 जुलाई से बारिश में कुछ कमी आएगी। इसके बाद हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। तीन और चार जुलाई को संताल के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा बोकारो, हजारीबाग, गुमला, रामगढ़, रांची और खूंटी में तेज बारिश की संभावना है।

सिमडेगा के बानो में 108.2 मिलीमीटर बारिश

राज्य में पिछले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में जमकर बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश सिमडेगा जिल के बानो में 108.2 मिलीमीटर दर्ज की गई। सिमडेगा में 93, पाकरटांड़ में 80.2 कोलेबिरा में 65.4, महुआटांड़ में 60.3, कुरडेग में 54.6 और जलडेगा में 52.4 मिलीमीटर बारिश हुई।

झारखंड में अब तक 55 प्रतिशत कम बारिश

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में 2 जुलाई तक 93.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। सामान्य वर्षापात 206.5 एमएम है। अभी 55 प्रतिशत बारिश कम है। जुलाई में इसकी कमी पूरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार 2 जुलाई तक सबसे कम बारिश पाकुड़ से हुई है। यहां का सामान्य वर्षापात 247.2 एमएम है, लेकिन अभी तक 38.9 एमएम बारिश हुई है। कुल 84 प्रतिशत का विचल है। सबसे अधिक 257.3 एमएम बारिश सिमडेगा में हुई है।

सभी लेटेस्ट न्यूज़, बिज़नेस न्यूज़, लोकल न्यूज़, स्पोर्ट्स न्यूज़, दैनिक राशिफ़ल और लाइफस्टाइल अपडेट्स के लिए जुड़ें नवभारत टाइम्स से. हर तरह के वीडियो और रील्स देखें TimesXP पर.

2024-07-03T04:30:29Z dg43tfdfdgfd