AMBIKAPUR NEWS : भारी विवाद के बीच जंगल के भीतर से हटाया गया कब्जा

नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर : जिले के वन विकास निगम प्रेमनगर स्थित महेशपुर गांव में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन व पुलिस के सहयोग से वन विकास निगम ने कार्रवाई करते हुए सालों से जंगल के भीतर अतिक्रमण कर दर्जनों की संख्या में बनाए गए घरों पर बुलडोजर चला कर उसे जमीदोज कर दिया। स्थानीय लोगों की माने तो पांच वर्ष पूर्व बड़ी संख्या में दूसरे जिलों से आए जनसमूह ने महेशपुर गांव में जंगल के भीतर वन भूमि पर काबिज होकर कई घर बनाए लिए। पूर्व में भी सूरजपुर कलेक्टर की उपस्थिति में इसी जगह पर अतिक्रमण को खाली कराया गया था, लेकिन बाद में इन्हें उसी स्थान पर बसा दिया गया था।

इन्हें यहां से हटाना वन विकास निगम के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो रही थी। इसी बीच प्रशासन द्वारा लिए गए एक कड़े फैसले ने उन सभी रहवासियों को रविवार को बेघर कर दिया है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई घंटों चली। इस दौरान अतिक्रमणकारी ग्रामीणों एवं पुलिस के बीच काफी विवाद की स्थिति बनी लेकिन अधिकारियों ने धैयपूर्वक इस कार्रवाई को अंजाम दिया।वन विकास निगम ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन सूरजपुर की सहायता से अतिक्रमण कर बनाए गए लगभग 40 घरों को तोड़ दिया। एक साथ पांच एक्सीवेटर की सहायता से वन भूमि को खाली करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में सूरजपुर जिले की पुलिस तैनात रही। इस दौरान कई बार संयुक्त टीम को कब्जाधारियों के विरोध का सामना करना पड़ा लेकिन अंतत: सूरजपुर एडिशनल एसपी संतोष महतो के नेतृत्व में पुलिस की सूझबूझ से भारी विरोध के बीच काबिज वन भूमि को खाली करा लिया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक अतिक्रमण के दौरान घर बनाते समय सैकड़ों पेड़ काटे गए थे लेकिन उस समय वन विकास निगम की तरफ से लापरवाही बरती गई।

इसी का परिणाम था कि एक बड़े जन समूह ने जंगल के भीतर कब्जा जमा लिया। वन विकास निगम के वर्तमान डीएम आरआर पैकरा ने महेशपुर की इस काबिज भूमि को कब्जा धारियों के चंगुल से खाली कराने जिला प्रशासन ,पुलिस प्रशासन व राजस्व टीम के सहयोग से रविवार को अभियान चलाकर जमीन से कब्जा हटवा लिया। इसे सूरजपुर जिले की सबसे बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। वन विकास निगम के डीएम पैकरा ने बताया कि पिछले कई सालों से यहां दूसरे जिले से आए लोगों के द्वारा वन भूमि पर कब्जास कर घर बना दिया गया था। सूरजपुर जिला प्रशासन के सहयोग से कब्जा हटाने ीकी कार्रवाई की गई।

2024-06-23T18:41:24Z dg43tfdfdgfd