RAHUL GANDHI NEWS: 'I AM हिंदू & I AM NOT वायलेंट', राहुल गांधी का दिल्ली में बयान और बिहार में बवाल... FIR के लिए एप्लीकेशन

पटना: राहुल गांधी का लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनना कांग्रेस के लिए जितना उत्साहजनक है, उतना ही उनकी बेलगाम और बेतुकी जुबान पार्टी की सेहत के लिए नुकसानदेह है। वे कब क्या बोल जाएं, कोई नहीं जानता। संसद में उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा, पर बोल गए देश के बहुसंख्यक हिन्दुओं के खिलाफ। भाजपा के लिए राहुल या कांग्रेस की खिंचाई का इससे बहाना मिल गया है। पहले से ही कांग्रेस मुक्त भारत का राग अलापने वाली भाजपा को राहुल की खिंचाई का इससे बड़ा मौका मिल गया है। बिहार में तो इसे लेकर भाजपा नेताओं में इतना गुस्सा है कि पटना के गांधी मैदान थाने में राहुल के खिलाफ शिकायत भी दर्ज करा दी गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भी राहुल गांधी की खूब खिंचाई की है। जेडीयू के किसी बड़े नेता का तो इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन गुस्सा तो हर हिन्दू नेता के दिल में है। भले ही वह भाजपा विरोधी ही क्यों न हो।

हिन्दुओं के बारे में क्या कहा है राहुल गांधी ने

राहुल गांधी सोमवार को लोकसभा में 90 मिनट बोले। 18वीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्हें बोलने का पहला मौका मिला था। उन्होंने मणिपुर का मुद्दा उठाया। और भी कई मुद्दों पर बात की। पर, उन्होंने भाजपा की आलोचना के क्रम में जब यह कहा कि देश में हिंसा, नफरत तथा डर फैलाने का काम भाजपा करती है। ये लोग (भाजपाई) हिंदू नहीं हैं। राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए हालांकि यह भी कहा कि हिंदू कभी हिंसा नहीं कर सकता। कभी नफरत और डर नहीं फैला सकता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी युवाओं, छात्रों, किसानों मजदूरों, दलितों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों में डर पैदा करने का काम करती है। बीजेपी के लोग अल्पसंख्यकों, मुसलमानों, सिखों और ईसाइयों को डराते-धमकाते हैं। उन पर हमले करते हैं। उनके खिलाफ नफरत फैलाते हैं। हालांकि इसके बवजूद अल्पसंख्यक इस देश के साथ चट्टान की तरह मजबूती से खड़े रहते हैं।

पीएम मोदी ने राहुल गांधी को खुद टोका

जाहिर है कि सत्ता पक्ष में बैठी भाजपा नेताओं को यह नागवार लगा। सत्ता पक्ष के सदस्यों ने जोरदार तरीके से राहुल के भाषण का विरोध किया। पीएम नरेंद्र मोदी को उन्हें खड़े होकर टोकना पड़ा। पीएम ने कहा कि पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना बहुत गंभीर बात है। पीएम मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत बीजेपी के कई नेताओं ने राहुल के भाषण के अलग-अलग बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष पर सदन को गुमराह करने और गलत बयानी के लिए उनकी खूब खिंचाई की।

विजय सिन्हा ने भी राहुल गांधी को खूब सुनाया

बिहार के डेप्युटी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के लोकसभा में दिए गए बयान पर बिफरते हुए कहा कि सोने का चम्मच लेकर पैदा लेने वाले आज हिंदुओं का अपमान कर रहे हैं। पहले हिंदू को गाली देते हैं और चुनाव में जनेऊ पहनकर मंदिर जाते हैं। सिन्हा ने जोर देकर कहा कि उन्होंने इस्लाम के चित्र को दिखाया है। इस्लाम में चित्र पर प्रतिबंध है, यह तुष्टिकरण की राजनीति की पराकाष्ठा है। झूठ और लोभ की राजनीति लोकतंत्र को कमजोर तो करती ही है, इससे सदन की गरिमा भी गिरती है। उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राहुल गांधी का भाषण झूठ पर आधारित था और एक विपक्ष के नेता के लिए गैर जिम्मेदाराना है। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि कांग्रेस के लिए यह पुरानी नीति रही है। पहले उनके परनाना पंडित नेहरू ने हिन्दू धर्म की आस्था से खिलवाड़ किया, उसके बाद उनकी दादी इंदिरा गांधी ने बार-बार हिन्दू धर्म को नीचा दिखाया। उनके पिता ने तुष्टिकरण की राजनीति को हवा देकर हिन्दू धर्म मानने वाले लोगों को दोयम दर्जे का नागरिक बनाने का प्रयास किया। भारतीय संस्कृति को ये लोग नहीं अपना पा रहे हैं। इस कारण ऐसी भाषा निकलती है। उन्होंने राहुल गांधी के सावन महीने में मटन खाने के सवाल कर कहा कि सावन में मटन खाकर क्या संदेश देना चाहते हैं? राहुल गांधी इस पद के लायक नहीं हैं, वो आज नरसंहार के पोषक राजद के साथ हैं तो पश्चिम बंगाल में उपद्रव फैलाने वाली ममता के साथ खड़े हैं। कांग्रेस के नेता पहले भी हिन्दू आतंकवाद की बात करते थे। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बार बार शक्ति से लड़ने की बात करते हैं, लेकिन उन्हें ज्ञान ही नहीं है कि शिव और शक्ति साथ हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट के निशाने पर राहुल

भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष और राज्य के डेप्युटी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सभी हिंदुओं को हिंसक और नफरती बता कर राहुल गांधी ने हिंदू समाज का अपमान किया है। इसके लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी के लिए हिन्दुओं और सनातन का अपमान करना कोई नई बात नहीं है। कभी सनातन तो कभी हिंदुओं को वे गाली देते हैं। हिंदुओं को हिंसक और आतंकवादी बताना राहुल की पुरानी आदत है। वे मानसिक रूप से बीमार हो गए हैं। ऐसे मानसिक रोगियों का कोई उपचार भी नहीं है। उन्होंने संसद में जो बाते कही हैं, वह किसी मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति के मुंह से ही निकल पाएगी।

पटना के थाने में FIR दर्ज करने के लिए एप्लीकेशन

हिन्दुओं को लेकर राहुल गांधी के संसद में दिए बयान पर मचे घमासान के बीच भाजपा नेता कृष्ण सिंह कल्लू ने पटना के गांधी मैदान थाने में राहुल के खिलाफ प्रथामिकी दर्ज करने के लिए आवेदन तक दे दिया है। दी गई शिकायत में कहा गया है कि राहुल ने हिन्दुओं के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर पूरे हिन्दू समाज का अपमान किया है। इससे हिन्दुओं को भारी ठेस पहुंची है। इस शिकायत में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने, उनकी संसद सदस्यता रद्द करने और मुकदमा चलाए जाने की मांग की गई है।

सभी लेटेस्ट न्यूज़, बिज़नेस न्यूज़, लोकल न्यूज़, स्पोर्ट्स न्यूज़, दैनिक राशिफ़ल और लाइफस्टाइल अपडेट्स के लिए जुड़ें नवभारत टाइम्स से. हर तरह के वीडियो और रील्स देखें TimesXP पर.

2024-07-02T07:27:08Z dg43tfdfdgfd