MONSOON IN GWALIOR: मौसम विभाग की घोषणा.. बधाई हो! आ गया मानसून

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर सहित अंचल के भिंड, मुरैना, श्योपुर और दतिया में गुरुवार को मानसून के आगमन की घोषणा कर दी गई है। बुधवार को दोपहर से शुरू हुई वर्षा का क्रम देर रात तक जारी रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान शहर में 52.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जून माह में वर्षा का कोटा 79.1 मिमी है और अभी तक शहर में 111.3 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो औसत से 32.2 मिमी अधिक है।

मौसम विभाग ने आगामी 30 जून तक शहर में वर्षा की संभावना जताई है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकेगी। शहर में बुधवार की शाम से वर्षा की शुरूआत हुई। देर रात भी तेज वर्षा हुई। इसके बाद गुरुवार को दिन में बादल तो छाए रहे, लेकिन छिटके हुए होने के कारण अधिकतर समय धूप खिली रही। हालांकि दोपहर लगभग दो बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछ ही देर चली। इस दौरान 1.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 24 घंटे में हुई वर्षा के कारण बुधवार की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

वहीं न्यूनतम तापमान भी 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह औसत से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम है। सुबह के समय हवा में नमी 98 प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से 32 प्रतिशत अधिक रही। वहीं शाम के समय नमी 74 प्रतिशत रही, जो औसत से 20 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल पश्चिम-उत्तर राजस्थान, गुजरात और उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश में मानसून प्रणालियां सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से अंचलभर में वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।

घाटीगांव में हुई सर्वाधिक वर्षा

मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद भिंड जिले के गोहद में 122 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भिंड शहर में 80, मुरैना में 78.6, शिवपुरी के पिछोर में 70, मुरैना के पोरसा में 52, दतिया शहर में 49, गोरमी में 45 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सबसे कम वर्षा मिहोना और शिवपुरी शहर में हुई। यहां सिर्फ 23 मिमी वर्षा ही दर्ज की गई है। घाटीगांव में अच्छी वर्षा का लाभ शहर के लोगों को होगा, क्योंकि घाटीगांव ही तिघरा बांध का कैचमेंट एरिया है।

2024-06-28T02:42:56Z dg43tfdfdgfd