JANJGIR-CHAMPA NEWS : पाइप लाइन बिछाने खोदा गया गड्ढा

नईदुनिया न्यूज, अकलतरा: जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत रोगदा के वार्ड नंबर 6 के सड़कों की हालत जर्जर है। जल जीवन मिशन के तहत ठेकेदार द्वारा जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन घरों तक पहुंचाने के लिए जगह-जगह मार्गो को खोद दिया है। गड्ढे नाली में तब्दील हो गए हैं। ग्रामीणों को इस मार्ग से आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । आने वाले समय में बरसात प्रारंभ हो जाएगी जिससे मार्ग में आने जाने वालों को तकलीफ होगी। जलजीवन मिशन के ठेकेदार द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही है।

लोगों को आवगमन में परेशानी होने से आक्रोश है। कभी भी आंदोलन वार्डवासियों द्वारा किया जा सकता है। इस संबंध में वार्डवासियों की बैठक भी हो चुकी है। जल जमाव होने से मच्छरों का भी पनपना प्रारंभ हो गया है ।भूमिगत पाइपलाइन में बाहरी पानी का प्रवेश होने से पाइपलाइन में गंदे पानी के घुसने से वार्डवासियों को कभी भी गंभीर बीमारी फैलने का खतरा है। सरपंच को भी इसकी जानकारी है मगर इसके बाद भी उनके द्वारा इस समय के निराकरण करने की पहल नहीं की जा रही है। वार्डवासी सोमवार को अपनी मांगों को लेकर जनपद सीईओ अकलतरा के समक्ष उपस्थित होंगे और इस समस्या से उन्हें अवगत कराएंगे।

करंट की चपेट में आने से महिला की मौत

नईदुनिया न्यूज अकलतरा : घर की सफाई कर रही गोड़ पारा कोटमी सोनार की महिला कूलर में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के लिए उसे सीएचसी अकलतरा में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना अकलतरा थाने की है। पुलिस के अनुसार राजकुमारी मरकाम 40 पति नाथू राम मरकाम शनिवार की सुबह तकरीबन 9 बजे अपने घर के कमरे की गोबर से लिपाई कर रही थी। तभी अचानक से कूलर में हाथ पड़ने से वह करंट की चपेट में आ गई। राजकुमारी मरकाम को बेहोशी की हालत में अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लाया गया जहां डाक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

2024-06-15T15:41:08Z dg43tfdfdgfd