प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दूसरे के बैंक खाते में भेजी

धनरुआ के सिम्हाड़ी गांव में एक अजीबो-गरीब मामला प्रकाश में आया है। पीएम आवास योजना की राशि चयन‍ित लाभुक की जगह दूसरे के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी। वहीं आवास योजना में मनरेगा से मिलने वाली मजदूरी को दूसरे के खाते में भेज दिया।

सिम्हाड़ी गांव निवासी राजेन्द्र पासवान की पत्नी सुजांति देवी के नाम से जारी प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किस्त 40 हजार रुपये 16 अप्रैल 2022 को उसी गांव के कलेन्द्र बिंद की पत्नी कलावंती देवी के खाते में भेज दिया गया। इसकी जानकारी सुजांती देवी को हुई तो उन्होंने तत्कालिन सहायक आवास सत्येन्द्र कुमार और बीडीओ के संपर्क किया। छह माह बाद उक्त राशि कलावंती देवी से लेकर सुजांती देवी को वापस दिया गया। इसके बाद कर्मी ने आवास योजना की दूसरी और तीसरी किस्त की 40-40 हजार की राशि फिर कलावंती देवी के खाते में ट्रांसफर कर दी।

दूसरी किस्त की जानकारी मिलने के बाद सुजांती देवी ने सत्येन्द्र कुमार से संपर्क किया। इसके कुछ दिन बाद सत्येन्द्र कुमार ने आवास सहायक की नौकरी छोड़कर चले गए। उनका शिक्षक के पद पर चयन हो गया। सुजांति देवी अपनी आवास की राशि के कार्यालय का चक्कर काट रही है। लेकिन उनका कोई सुनने वाला नहीं है। पीड़िता ने जब वर्तमान आवास सहायक चन्द्रशेखर के पास गई तो उन्होंने कहा कि मामला हमारे पहले का है। सुजांति देवी एक किस्त लेकर आवास का फाउंडेशन तक का निर्माण नहीं करा पाई है। इसकी पुष्टि मुखिया गुड्डू कुमार ने की।

इसी पंचायत के अमरपुरा गांव निवासी द्वारिक प्रसाद की पत्नी मंजू देवी को आवास योजना के तहत मजदूरी का रकम मनरेगा के तहत 18500 उनके खाता में आना था। लेकिन उक्त राशि गांव की मंजू देवी के खाते में ट्रांसफर कर दिया गया। इस बात की जानकारी मंजू देवी को हुई तो वह भी मजदूरी के कार्यालय का चक्कर काट रही है।

मामला संज्ञान में आया है। सबसे पहले इसकी जांच कराई जाएगी कि आखिरकार गडबडी कहां से हुई है। जांच के बाद जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

-अमित कुमार पटेल, एसडीओ, मसौढ़ी

2024-06-23T19:29:18Z dg43tfdfdgfd