JANJGIR-CHAMPA NEWS : दो दिन की वर्षा से गिरा तापमान

नईदुनिया न्यूज, जांजगीर- चांपा : जिले में शुक्रवार की दोपहर और शनिवार को सुबह अच्छी वर्षा हुई । इस वर्षा ने लोगों को जहां उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई है। तापमान 32 डिग्री से घटकर 27 डिग्री हो गया है। वहीं नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। वर्षा से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। खासकर निचले इलाकों में कई जगह पानी भर गया। वहीं नालियां भी लबालब हो गई।

शुक्रवार की सुबह 8 बजे से वर्षा शुरू हुई जो लगभग 10 बजे बंद हुई वहीं दिन भर बूदाबांदी होती रही। शुक्रवार को दोपहर होते होते अचानक मौसम ने करवट बदली और आसमान में बादल छा गए और गरज चमक के साथ तेज वर्षा हुई। वर्षा से मौसम में ठंडकता घुल गई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वर्षा से अंचल सहित जिला मुख्यालय पूरी तरह से तरबतर हो गया। इसके अलावा चाम्पा, नवागढ़, सक्ती, डभरा, मालखरौदा सहित जिले भर में अच्छी वर्षा की खबर है। वर्षा के बाद अब खेती किसानी के काम में तेजी आएगी।

वहीं शहर व गांव के निचले क्षेत्र में जल जमाव हो गया। नगर पालिका द्वारा बरसात के पूर्व शहर के सभी वार्डों की जाम नालियों की साफ सफाई कराया जाना था मगर ऐसा नहीं किया गया। केवल शहर के मुख्य मार्गो की नालियों की सफाई कराकर औपचारिकता निभा दी गई। जबकि शहर के वार्डों की नालियां जाम है और बजबजा रही है। शुक्रवार व शनिवार को हुई वर्षा ने नगर पालिका के सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। वार्ड क्रमांक 17 की गलियों में पानी भर गया था। इसी तरह चंदनियापारा के कई निचले स्थान व गलियों में पानी भर गया था। वार्ड नंबर 8 व वार्ड नंबर 15 में भी ऐसी स्थिति निर्मित हुई।

2024-06-29T17:49:30Z dg43tfdfdgfd