BHOPAL CRIME NEWS: सिविल इंजीनियर की जहर खाने से मौत, छह माह पहले हुई थी शादी

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल।निशातपुरा थाना इलाके में रहने वाले एक युवा इंजीनियर ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। छह माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने से अभी खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है पुलिस मामले की जांच कर रही है।

निशातपुरा थाने के एएसआइ प्रेमनारायण ने बताया कि 26 वर्षीय अभिषेक पुत्र गणेशराम सेन पूजा कालोनी में परिवार के साथ रहता था। दिसंबर-2023 में उसकी शादी हुई थी। अभिषेक सिविल इंजीनियर था। वर्तमान में वह विदिशा रोड पर काम कर रही एक निजी कंपनी में काम कर रहा था। उसकी पत्नी भी किसी निजी फर्म में काम करती है।

गुरुवार सुबह पति-पत्नी अपने काम पर चले गए थे। दोपहर में अभिषेक के पिता भी किसी काम से बैरसिया चले गए थे। दोपहर करीब ढाई बजे अभिषेक साइट से अपने घर आ गया था। अपने कमरे में उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। पड़ोसियों ने उसे उल्टियां करते देखा। वे लोग उसे पास के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उसकी हालत में सुधार नहीं होता देख स्वजन ने उसे एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान रात साढ़े आठ बजे अभिषेक की मौत हो गई।

2024-06-29T03:47:11Z dg43tfdfdgfd