हाथरस हादसा: पीएम मोदी ने मृतकों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार देने का किया ऐलान, देश भर के नेताओं ने जताया दुख

अभय सिंह राठौड़, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़ मचने से बड़ी संख्या में लोग काल के गाल में समा गए हैं। जिम्मेदार अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है। हालांकि मिल रही जानकारी के मुताबिक मरने वालों की संख्या 100 के पार पहुंच गई है। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने दुख प्रकट किया है। वहीं सीएम योगी ने मामले की जांच के लिए टीम गठित करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। पीएम मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये और घायलों 50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दुख प्रकट किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख प्रकट करते हुए लिखा उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन सभी पीड़ितों की हर संभव मदद कर रही है।

पीएम मोदी और शाह ने घटना पर दुख व्यक्त किया

पीएम मोदी लोकसभा में हाथरस की घटना का जिक्र किया है। पीएम ने कहा कि वे इससे बेहद दुखी हूं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनकी हर तरह से मदद की जाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि जिन लोगों की हाथरस हादसे में जान गई है। मैं उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उत्तर प्रदेशसरकार से संपर्क में हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुखद हादसे से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह पीड़ा सहने की शक्ति दे। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

घटना को लेकर राहुल गांधी का पोस्ट

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पोस्ट कर दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। सरकार और प्रशासन से अनुरोध है कि घायलों को हर संभव उपचार एवं पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराएं। INDIA के सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि राहत और बचाव में अपना सहयोग प्रदान करें।

अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष ने दुख प्रकट किया

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हाथरस जनपद में सत्संग में भगदड़ से बड़ी संख्या में हुई मौतों पर गहरा शोक जताया है। अखिलेश ने घायलों को तत्काल अच्छी से अच्छी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा उत्तर प्रदेश के हाथरस के सत्संग में भगदड़ मच जाने से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बेहद पीड़ादायक है। हादसे के दृश्य अत्यंत हृदयविदारक हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। सरकार एवं प्रशासन से आग्रह करते हैं कि घायलों के उपचार में कोई कमी न रखें व पीड़ितों को त्वरित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि हादसे में पीड़ित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाए।

ओवैसी ने घटना पर कही ये बात

हाथरस हादसे पर AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हाथरस में जो हुआ वो बहुत दुखद है। यह हादसा क्यों हुआ, कैसे हुआ और क्यों वहां की सरकार सुरक्षा नहीं कर पाई। बड़े अफसोस की बात है। उम्मीद करते हैं कि जो घायल हैं, उन्हें राहत पहुंचाई जाएगी और बाद में इसकी जांच की जाएगी। भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि दुर्घटना बेहद दुखद है। कहा जिन लोगों की मृत्यु हुई है, महादेव उनकी आत्माओं को शांति दें।

प्रियंका गांधी ने दुख प्रकट किया

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लिखा है कि हाथरस, उत्तर प्रदेश में सत्संग के दौरान भगदड़ की वजह से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मृत्यु एवं कई के घायल होने का समाचार हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। राज्य सरकार से मेरी अपील है कि पीड़ितों को उचित मुआवजा देने एवं घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए।

दुर्घटना में प्रशासकीय असफलता की जांच होनी चाहिए- शिवपाल

सपा विधायक शिवपाल यादव ने पोस्ट करते हुए लिखा कि हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में लोगों के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद और स्तब्धकारी है। शिवपाल यादव ने कहा कि हर संभव चिकित्सा प्रदान करते हुए प्रशासन राहत कार्य जल्द पूर्ण करे और पीड़ित परिवारों को मुआवजा दे। साथ ही शिवपाल ने कहा कि हाथरस में हुई दुर्घटना में प्रशासकीय असफलता की जांच होनी चाहिए। साथ ही घायलों के उपचार में प्रशासन जिस तरह की लापरवाही और गैरजिम्मेदारी का परिचय दे रहा है, वह अक्षम्य और शर्मनाक है। यूपी सरकार निर्णायक कदम उठाए। ईश्वर मृतकों के परिजनों को शक्ति प्रदान करें व घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

मनोज झा ने कही ये बात

हाथरस हादसे पर राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन हम कुछ सीखते नहीं है। भीड़ एकत्रित कर लेना सबसे आसान होता है, लेकिन भीड़ के प्रबंधन के अभाव में आज क्या हुआ? आप अपनी व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं करेंगे। यह संवेदनशीलता अगर नहीं होगी तो इसी तरह के परिणाम होंगे। हम इसे संपूर्ण विफलता मानते हैं कि भीड़ के प्रबंधन के लिए हमारी सरकारों को जो करना चाहिए वो नहीं करती।

घटना को लेकर बोले जिलाधिकारी

हाथरस की घटना को लेकर डीएम आशीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन काम कर रहा है। घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है और लोगों का इलाज जारी है। डीएम ने कहा कि डॉक्टरों ने मुझे करीब 50-60 लोगों की मौत का आंकड़ा बताया है। कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति SDM ने दी थी और यह एक निजी आयोजन था। मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद मुहैया कराना है।

रवाना हुए मंत्री और डीजीपी, मुख्य सचिव

घटना स्थल के लिए रवाना हुए मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि कहा इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि हमें मुख्यमंत्री द्वारा हाथरस घटना स्थल पर पहुंचने और मामले को देखने और सरकार की ओर से आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

मृतक परिवारों को 2-2 लाख का मुआवजा

सीएम योगी ने हाथरस की घटना पर दुख व्यक्त करने के साथ ही पल-पल घटना पर नजर रखे हुए हैं। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह के साथ साथ डीजीपी और मुख्य सचिव भी मौके के लिए निकल चुके हैं। एडीजी, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ एफआईआर करने के भी निर्देश दिए गए हैं। शासन इस मामले में बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाथरस हादसे में मारे गए प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

ये था मामला

बता दें, उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार को नारायण साकार विश्व हरि के नाम से प्रसिद्ध भोले बाबा के कार्यक्रम में लाखों की संख्या में भक्तो की भीड़ जुटी। कार्यक्रम स्थल पर प्रशासन की परमिशन से ज्यादा भक्त सत्संग कार्यक्रम में पहुंचे। भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। मुख्य सचिव मनोज सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए एटा भेजा गया। घटना सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित गांव फुलराई के पास की है।

सभी लेटेस्ट न्यूज़, बिज़नेस न्यूज़, लोकल न्यूज़, स्पोर्ट्स न्यूज़, दैनिक राशिफ़ल और लाइफस्टाइल अपडेट्स के लिए जुड़ें नवभारत टाइम्स से. हर तरह के वीडियो और रील्स देखें TimesXP पर.

2024-07-02T13:58:16Z dg43tfdfdgfd