MAHADEV SATTA APP: दो महीने में एकाउंट से सवा करोड़ का लेनदेन, प्लानिंग से साथ हैदराबाद पहुंची पुलिस को खुला भेद

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस की टीम ने सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने हैदराबाद से महादेव सट्टा ऐप का पैनल चलाने वाले सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल एसपी क्राइम ब्रांच ऋचा मिश्रा ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि, पुलिस को कई दिनों से सूचना मिल रही थी की भिलाई दुर्ग में कुछ सटोरी रह रहे हैं। इनका पैनल किसी बड़े शहर में ऑपरेट होता है। इसके बाद हम इस मामले की छानबीन में जुट गए। बता दें कि छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टा ऐप को लेकर सियासत गर्म रहती है। पूर्व में भूपेश बघेल की सरकार के समय यह मामला आया था।

हैदराबाद से चलाता था पैनल

पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हमें इनपुट मिला कि विनय यादव नाम का एक युवक हैदराबाद में महादेव सट्टा ऐप का पैनल चला रहा है। इसके आधार पर दुर्ग पुलिस की एक टीम को हैदराबाद रवाना किया गया। वहां लगभग चार दिन रहकर पुलिस ने लोकेशन सर्च किया, जहां एक मकान में छापेमारी की गई। जिसके बाद वहां से 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

नगदी समेत कई दस्तावेज बरामद

पुलिस ने बताया कि इनके पास से 5 लैपटॉप, 21 मोबाइल फोन, कार, करीब 5 लाख रुपए के सोने के जेवरात, और एटीएम कार्ड समेत कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए। आरोपियों के बैंक खातों से 2 माह में लगभग सवा करोड़ रुपए का कारोबार हुआ है। उन्होंने बताया कि इस मामले की छानबीन जारी है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

पुसिस अधिकारी ऋचा मिश्रा ने बताया आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इस गिरोह से और भी लोगों के जुड़े होने की संभावना है साथ ही कुछ और सट्टा सेंटर संचालित होने की सूचना मिल रही है। पुलिस ने बताया कि, अगर इस मामले किसी अन्य के शामिल होने की जानकारी मिलती है, तो उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सभी लेटेस्ट न्यूज़, बिज़नेस न्यूज़, लोकल न्यूज़, स्पोर्ट्स न्यूज़, दैनिक राशिफ़ल और लाइफस्टाइल अपडेट्स के लिए जुड़ें नवभारत टाइम्स से. हर तरह के वीडियो और रील्स देखें TimesXP पर.

2024-07-02T14:28:25Z dg43tfdfdgfd