GWALIOR WEATHER: सूरज ने चलाए अग्निबाण, धरती का बढ़ा पारा

Gwalior weather: नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सूर्योदय के बाद ही सूरज ने अग्निबाण चलाने शुरू कर दिया, जिससे धरती का तापमान बढ़ने लगा। तेज गर्मी से बेहाल लोगों को राहत देने दोपहर में आसमान में बादल छाए, धूल भरी आंधी भी चली, लेकिन पारे की रफ्तार को रोक नहीं सकीं। दिन में चिलचिलाती धूप ने पारा बढ़ा दिया और पहली बार 41 डिग्री के पार पहुंचा दिया। दिन का पारा बीते रोज से 0.7 डिग्री बढ़ गया, जबकि रात के तापमान में खास अंतर नहीं आया। लेकिन दिन में गर्मी का अहसास हुआ तो शाम के वक्त आसमान में छाए बादल और हवा ने गर्मी से राहत दिलाने का भी काम किया।

बादल छाए रहेंगे, हवा चलेगी लेकिन धूूप भी अपना काम करेगी

मौसम वैज्ञानिक हुकुम सिंह का कहना है कि आसमान में बादल काफी ऊंचाई पर होने से धूप की तीव्रता को नहीं रोक सके, जिसके कारण तापमान बढ़ गया। शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और हवा भी चलेगी, लेकिन धूप अपना काम करेगी। इससे पारा और भी बढ़ सकता है। क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार को आसमान में बादल आए और हवाएं चलीं। लेकिन बूंदाबांदी नहीं करा सकीं। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि अब आगे बूंदाबांदी होगी इसकी भी आस नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ का खास असर नहीं रहने वाला। इसके कारण बादल की मौजूदगी रहेगी और हवा चलेगी, पर तापमान भी बढ़ता रहेगा और अगले चार दिन में तापमान 42 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे लोगों को भीषण गर्मी का अहसास होगा।

शुक्रवार को गर्मी ने किया बेहाल

शुक्रवार की सुबह से ही धूप ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए थे। आसमान साफ रहा तो धूप ने पारा बढ़ा दिया। सुबह साढ़े आठ बजे पहली बार पारा 31 डिग्री पर जा पहुंचा, जबकि सुबह साढ़े 11 बजे तापमान 39.2 डिग्री हो चुका था और दोपहर ढाई बजे 40.6 डिग्री पर आ गया। दिन में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री दर्ज किया गया और सुबह के समय हवा में नमी 41 फीसद रही जो सामान्य से तीन फीसद अधिक तथा दोपहर में 29 फीसद रही जो सामान्य से सात फीसद अधिक रही। शुक्रवार को तेज गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।

2024-04-27T02:34:12Z dg43tfdfdgfd