AMBIKAPUR NEWS :दवा दुकान संचालक ने कर दिया आपरेशन,बिगड़ी तबीयत तो मामला आया सामने

नईदुनिया न्यूज, अंबिकापुर : बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम पंडरी में बवासीर पीड़ित महिला की दवा दुकान संचालक ने सर्जरी कर दी। इससे महिला की तबीयत बिगड़ गई। अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में महिला को भर्ती करना पड़ा। मामला संज्ञान में आते ही प्रशासनिक टीम ने दवा दुकान को सील कर दिया। संचालक पहले ही भाग गया था।

बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम पंडरी की 52 वर्षीय महिला बवासीर से पीड़ित थी। परेशानी बढ़ जाने पर उसने गांव के ही दवा दुकान जाकर दवा की मांग की थी। आरोप है कि दवा दुकान के संचालक ने महिला को झांसे में लेकर बवासीर ठीक करने का दावा कर उसकी सर्जरी कर दी। बतौर शुल्क 23 हजार रुपये भी ले लिए।सर्जरी के बाद महिला की स्थिति काफी बिगड़ने लगी।

महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वजन ने उसे अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उसकी फिर से सर्जरी की गई। बिना किसी योग्यता के दवा दुकान संचालक द्वारा सर्जरी करने के कारण महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। अस्पताल में उपचार के बाद उसकी हालत में थोड़ा सुधार है। अंबिकापुर के अस्पताल में उपचार में भी राशि खर्च हुई। पीड़ित स्वजन द्वारा शिकायत किए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। दवा दुकान संचालक को उपचार का अधिकार ही नहीं था लेकिन उसने मरीज को झांसा दिया।

बहरहाल पुलिस,राजस्व व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दवा दुकान को सील कर दिया है। संचालक के नहीं मिलने के कारण दवा दुकान के लाइसेंस और उपचार करने की वैधता को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच की जा रही है। प्रारंभिक शिकायत के आधार पर दवा दुकान को सील कर दिया गया है।

2024-06-30T17:53:34Z dg43tfdfdgfd