AMBIKAPUR CRIME NEWS : अंतरराज्यीय डीजल चोर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर। खड़े ट्रक से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक जरीकेन में चोरी का 35 डीजल बरामद किया गया है। पुलिस व स्थानीय नागरिकों की घेराबंदी देखकर डीजल चोर गिरोह के अन्य सदस्य चारपहिया वाहन से तेजी से भाग निकले। इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। गिरफ्तार आरोपित से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब फरार अपराधियो की खोजबीन कर रही हैं।

सरगुजा, सूरजपुर व बलरामपुर जिले में पिछले कई माह से राष्ट्रीय राजमार्ग व राज्य मार्गों के होटल, ढाबों में खड़ी मालवाहक वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं लगातार हो रही थी। अंबिकापुर -बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहर सीमा के समीप सांड़बर के ढाबा में चालक इसरार अंसारी ने अपनी ट्रक खड़ी की थी। देर रात डीजल टंकी से आवाज़ आने पर देखा तो द व्यक्ति ट्रक के डीजल टंकी से डीजल चोरी कर रहे थे। इसी बीच ढाबा संचालक और कर्मचारियों की भी नींद खुल गई। ट्रक चालक के साथ सभी ने डीजल चोरों को पकड़ने दौड़ लगाई। डीजल चोरी के दौरान कुछ आरोपित चार पहिया वाहन में थे। घेराबंदी देखकर वे तेजी से भाग निकले। कुल 140 लीटर डीजल आरोपितों ने जरीकेन में भर लिया था। इनमें से एक आरोपित दीपु प्रजापति (25) निवासी सिलपुर निगवानी अनूपपुर थाना कोतमा मध्यप्रदेश पकड़ा गया। मौके से 35 लीटर डीजल से भरा एक जरीकेन भी बरामद किया गया है। आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया हैं, मामले मे शामिल अन्य आरोपितों का तलाश किया जा रहा हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे, सहायक उप निरीक्षक बबलू कुजूर, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, आरक्षक अतुल शर्मा, मुकेश चौधरी, नगर सैनिक मिथलेश दुबे शामिल रहे।

सीसी कैमरे में कैद हुई घटना

डीजल चोरों के फरार होने की यह घटना सीसी कैमरे में कैद हुई है। डीजल चोर बड़ी तेजी से चार पहिया वाहन से भागते नजर आ रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें पकड़ने के लिए घेराबंदी नहीं किए जाने का आरोप भी लगा। जिले के अलावा पड़ोसी जिलों के थानों को यदि अलर्ट किया जाता तो शायद सभी आरोपित पकड़े जाते। बताते चलें कि पिछले दिनों बलरामपुर जिले की पस्ता पुलिस ने भी मध्यप्रदेश के कोतमा क्षेत्र के दो अंतरराज्यीय डीजल चोरों को गिरफ्तार किया था।

2024-06-23T18:26:21Z dg43tfdfdgfd