पश्चिम बंगाल में भीड़ ने फिर बोला हमला, मां-बेटे पर हॉकी स्टिक से वार; छह गिरफ्तार: TMC से क्या कनेक्शन?

पश्चिम बंगाल में मॉब लिंचिंग (भीड़ के हमले) की घटनाओं में इजाफे के बीच मंगलवार को ताजा हिंसा की एक वीडियो क्लिप सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर उत्तर 24 परगना जिले के अरियादाहा में एक किशोर लड़के और उसकी मां पर हमला होते हुए दिखाया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने रविवार रात हुई इस घटना के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी जो सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का करीबी माना जाता है, अभी तक फरार है। पुलिस अधिकारी ने कहा, हमले के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, वीडियो में लोगों के एक समूह को लड़के और उसकी मां को हॉकी स्टिक से पीटते हुए दिखाया गया है।

वायरल हो रहे "वीडियो फुटेज में दिखाया गया है कि कॉलेज छात्र और एक व्यक्ति के बीच बहस हो रही है, जो जल्द ही लड़ाई में तब्दील हो गई। इसके तुरंत बाद, अन्य लोग उस झगड़े में कूद पड़े और किशोर के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। उन्होंने लड़के की मां की भी पिटाई की। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना उस वीडियो क्लिप के वायरल होने के कुछ दिनों बाद सामने आई है, जिसमें उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा में एक टीएमसी  नेता द्वारा सार्वजनिक रूप से एक जोड़े को पीटते हुए दिखाया गया था। इस घटना से इलाके में व्यापक आक्रोश फैल गया था।  बता दें कि कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में एक सप्ताह के भीतर इसी तरह की भीड़ हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इनमें से आखिरी घटना 30 जून को हुई थी।

2024-07-02T16:13:02Z dg43tfdfdgfd