DONALD TRUMP INDICTED: क्या सच में ट्रंप ने अमेरिका की सुरक्षा से किया खिलवाड़, जानें घर से बरामद दस्तावेज कितने सीक्रेट?

वॉशिंगटन: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित आवास पर गोपनीय दस्तावेज मिलने के मामले में उन्हें आरोपित किया गया है। इस घटनाक्रम के बाद, वह अमेरिकी इतिहास में पहले पूर्व राष्ट्रपति होंगे जो संघीय सरकार के आपराधिक आरोपों का सामना करेंगे। अगले हफ्ते अदालत में उनकी पेशी से पहले न्याय विभाग इसकी सार्वजनिक घोषणा कर सकता है। इससे 2024 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए ट्रंप का प्रचार अभियान बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। अगर ट्रंप इस मामले में दोषी करार दिए जाते हैं तो उन्हें जेल की सजा भी हो सकती है। लेकिन, सवाल उठता है कि ट्रंप के घर से बरामद दस्तावेज कितने गुप्त थे। लोग यह भी पूछ रहे हैं कि अगर ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद फैसला आया तो क्या होगा।

ट्रंप के खिलाफ 37 अभियोज

ट्रंप पर बाइडेन प्रशासन ने 37 अभियोग लगाए हैं। इनमें फ्लोरिडा रिसॉर्ट के असुरक्षित क्षेत्रों में क्लासिफाइड दस्तावेजों को रखकर अमेरिकी सरकार के कुछ सबसे करीबी सुरक्षित रहस्यों को खतरे में डालने का आरोप है। अभियोग के अनुसार, दस्तावेजों में अमेरिकी परमाणु हथियारों, जासूसी उपग्रहों और अमेरिकी सेना के बारे में गई गुप्त जानकारियां शामिल हैं। ये दस्तावेज पेंटागन और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों सीआईए, नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी, नेशनल रिकॉनसेंस ऑफिस ने तैयार किए थे।

टॉप सीक्रेट दस्तावाजों में परमाणु क्षमता का जिक्र

अभियोग में कहा गया है कि इन क्लासिफाइड दस्तावेजों का अनधिकृत खुलासा अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशी संबंधों, अमेरिकी सेना की सुरक्षा, जासूसों और संवेदनशील कलेक्शन मैथड को खतरे में डाल सकता है। ट्रंप के यहां से मिले दस्तावेज TOP SECRET/ORCON/NOFORN कैटेगरी के हैं। ORCON का अर्थ है कि दस्तावेज़ की सामग्री को यू.एस. सरकार के उस विभाग के बाहर प्रसारित नहीं किया जा सकता है, जिसने इसे तैयार किया है। इन दस्तावेजों को सिर्फ अधिकृत अधिकारी ही देख सकते थे। इन दस्तावेजों में विदेशी देशों की परमाणु क्षमताओं के बारे में भी जानकारियां शामिल हैं।

अमेरिकी सेना के हथियारों से जुड़े खुफिया दस्तावेज भी बरामद

एक दस्तावेज़ में SECRET//FORMERLY RESTRICTED DATA चिह्नित किया गया है। यह दस्तावेज अमेरिका के परमाणु हथियार से संबंधित है। डिपार्टमेंट ऑफ़ एनर्जी ट्रेनिंग गाइड के अनुसार, औपचारिक रूप से प्रतिबंधित डेटा, या FRD क्लासिफिकेशन का उपयोग हाई क्लासिफाइड से डाउनग्रेड की गई सामग्रियों के लिए किया जाता है जो मुख्य रूप से परमाणु हथियारों के सैन्य उपयोग से संबंधित हैं। FRD चिन्ह वाले दस्तावेजों में अमेरिकी भंडार में परमाणु हथियारों की मात्रा, वारहेड की ताकत और उनकी तैनाती की जगह शामिल हैं।

दूसरे देशों की सैन्य क्षमता वाले भी दस्तावेज मिले

ट्रंप के घर से बरामद एक दस्तावेज पर TOP SECRET//SI//NOFORN//FISA चिन्ह लगा हुआ है। काले रंग के मार्कर से हाथ से लिखे कमेंट में इसे विदेशी देश और अमेरिका की सैन्य क्षमताओं से जुड़ा हुआ बताया गया है। इसमें लिखे NOFORN का अर्थ है कि दस्तावेज़ को किसी विदेशी सरकार के साथ साझा नहीं किया जा सकता है। वहीं, FISA विदेशी खुफिया निगरानी अधिनियम को संदर्भित करता है और इसका मतलब है कि सामग्री इंटरसेप्टेड कम्यूनिकेशन से है।

दस्तावेजों में जासूसी उपग्रहों की जानकारियां भी शामिल

ट्रंप के घर से बरामद छह दस्तावेजों पर TK का चिन्ह अंकित है। इसका मतलब ये अमेरिकी जासूसी उपग्रहों से मिली खुफिया जानकारी से संबंधित है। अभियोग में बताया गया है कि ये दस्तावेज विदेशी सैन्य क्षमताओं से संबंधित हैं। इसे अमेरिकी खुफिया सैटेलाइट की मदद से जुटाया गया है।

2023-06-10T12:17:33Z dg43tfdfdgfd