देहरादून, जागरण संवाददाता: उत्तराखंड में मानसून ने अभी दस्तक तो नहीं दी, लेकिन प्री-मानसून और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तराखंड के पहाड़ से मैदानी क्षेत्र में रविवार से 15 जून तक वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और कहीं-कहीं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम बदलने के बाद प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत सात जनपदों के लिए नारंगी अलर्ट जारी किया है। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज शनिवार शाम से उत्तरकाशी में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने से देखा गया।
शनिवार सुबह तक चटक धूप खिलने से देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस बना रहा। दून ही नहीं ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की और डोईवाला क्षेत्र में भी दिनभर प्रचंड गर्मी ने बेहाल किया।
देहरादून व मसूरी में शाम सात बजे बाद हल्के बादल छाए रहे, जिससे कुछ राहत महसूस की गई। उधमसिंह नगर का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, इसके अलावा चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी के निचले क्षेत्रों में गर्मी ने तेज धूप ने दिनभर बेहाल किया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार से 15 जून तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्र वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और कहीं-कहीं 70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उन्होंने बताया कि देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, नैनीताल जनपदों में मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए नारंगी अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि व 40 से 50 किलोमीटर तेज हवाएं चलने का अंदेशा है। ऐसे क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
2023-06-10T18:42:09Z dg43tfdfdgfd