UTTARAKHAND WEATHER: उत्‍तराखंड के इस शहर में आसमान से बरस रही आग, पारा 38 पार; लोग घरों में कैद-बाजार सुनसान

संवाद सहयोगी, जागरण कोटद्वार। Uttarakhand Weather: शहर में गर्मी का परा लगातार चढ़ता जा रहा है। तेज धूप व दोपहर के समय चल रही लू ने आमजन को झुलसाना शुरू कर दिया है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दोपहर के समय आमजन का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था।

बाजार में कम भीड़

शनिवार शहरवासियों के लिए सबसे गर्म दिन रहा। सुबह से पड़ रही तेज धूप ने आमजन के तन को झुलसाना शुरू कर दिया था। दस बजे के बाद धूप का प्रकोप धीरे-धीरे तेज होते जा रहा है। यही कारण था कि अन्य दिनों के मुकाबले बाजार में कम भीड़ ही दिखाई दी।

घर के निकलते समय लोगों ने छाते का प्रयोग किया। वहीं, गर्मी से निजात पाने के लिए कई लोगों ने खोह नदी में डुबकी लगाई। भीषण गर्मी से बचाव के लिए राहगीरों ने आईसक्रीम व जूस का सहारा लिया। गर्मी में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ी। हालत यह थी कि लू के कारण दोपहर के समय बाजार की सड़कें सूनी नजर आ रही थी। अधिक लोग घरों में ही कैद थे।

पानी को तरसे यात्री

कोटद्वार बस अड्डे में यात्रियों के लिए पानी की व्यवस्था तक नहीं की गई है। ऐसे में भीषण गर्मी में यात्रियों को पानी की तलाश में इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। जबकि, क्षेत्रवासी कई बार नगर निगम व जल संस्थान से यात्रियों के लिए पानी की व्यवस्था करने की मांग उठा चुके हैं। लेकिन, आज तक सिस्टम ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। नतीजा यात्री बाजार से पानी की बाेतल खरीदने के लिए मजबूर हो रहे हैं।

2024-05-04T09:44:25Z dg43tfdfdgfd