स्टॉकहोम, एएफपी। स्वीडन के स्टॉकहोम में शनिवार को हुई गोलीबारी में एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायल हो गए।
पुलिस को शनिवार की शाम दक्षिणी स्टॉकहोम के एक चौराहे के पास गोलीबारी होने की सूचना मिली। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर बंदूक की गोली से घायल हुए लोग मिले।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्टॉकहोम में हुई गोलीबारी में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्टॉकहोम पुलिस की प्रवक्ता तोवे हैग ने बताया,
15 साल के किशोर की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य 15 वर्षीय किशोर और 45 से 65 वर्षीय एक पुरुष और एक महिला घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी के एक घंटे के भीतर स्टॉकहोम के दक्षिण में एक कार का पीछा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसी के साथ ही पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास की जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले शुक्रवार को स्टॉकहोम में दो अलग-अलग गोलीबारी में तीन अन्य लोग घायल हो गए। स्वीडन ने हाल के वर्षों में गोलीबारी और बम विस्फोटों की वृद्धि पर लगाम लगाने के लिए संघर्ष किया है। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, देश ने 2022 में 391 गोलीबारी की घटनाओं को दर्ज किया। जिनमें से 62 घटनाएं घातक थीं।