RATLAM JHABUA LOK SABHA SEAT: भूरिया की वार्षिक आय घटी, पत्नी के नाम सेकंड हैंड वाहन,खुद के पास वाहन नही

नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। रतलाम - झाबुआ संसदीय सीट के कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया की वार्षिक आय में दो वित्तीय वर्ष से गिरावट बताई जा रही है वही उनकी धर्म पत्नी कल्पना भूरिया की वार्षिक आय एकदम बढ़ी है। भूरिया के पास लगभग वही संपत्ति है जो वे पिछले चुनावों में दर्शाते रहे हैं। कोई बड़ी संपत्ति बीते कुछ वर्षों में उन्होंने नही ली है। उल्लेखनीय है कि लगातार आठवां लोकसभा चुनाव भूरिया इस बार इस सीट से लड़ रहे हैं।

बुधवार को लेकर उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसमें उन्होंने एफिडेविट प्रस्तुत करते हुए अपने व अपनी पत्नी की चल - अचल संपत्ति की संपूर्ण जानकारी दी है। पिछला 2019 का लोकसभा चुनाव वे हार गए थे लेकिन नई दिल्ली के सांसद भवन शाखा का उनका बैंक खाता ना केवल अभी चालू बताया गया है बल्कि उसमे राशि भी जमा है।

हलफनामे की खास बातें

- भूरिया के खिलाफ आलीराजपुर जिले के जोबट थाने में प्रकरण दर्ज है । 2022 में भगोरिया मेले के दौरान विवाद होने के बाद यह मामला दर्ज हुआ था।

- भूरिया के पास खुद का वाहन नही है।

- 2012 मॉडल की सेकंडहैंड जिस कार में वे घूमते हैं,वह पत्नी के नाम है।वाहन की कीमत 9 लाख आंकी गई है।

- भूरिया दंपती करोड़पति हैं।

- भूरिया रिवाल्वर रखते हैं वही उनकी पत्नी के पास सेकंड हैंड पिस्तौल है।

पत्नी के पास ज्यादा पैसे

भूरिया दंपती के जो अलग - अलग बैंक खातों में पैसे जमा है उनमें कल्पना भूरिया के खातों में 38 लाख रूपये से अधिक जमा है वही भूरिया के खातों में 35 लाख के लगभग है। नकदी जरूर भूरिया के पास 32 लाख रूपये है वही उनकी पत्नी के पास 20 लाख रूपये है। भूरिया के नाम कोई शेयर नही है जबकि उनकी पत्नी के पास करीब सात लाख रूपये मूल्य के शेयर है। जेवरात भी पत्नी के पास स्वाभाविक रूप से अधिक है।

वार्षिक आय में अंतर

आयकर विवरणी दाखिल करते समय 2019-20 में भूरिया की वार्षिक आय 16 लाख 65 हजार 73 रूपये बताई गई थी जो 2023- 24 में घटकर 7 लाख 25 हजार 310 रूपये हो गई है। उनकी पत्नी कल्पना भूरिया की वार्षिक आय 2019-20 में 12 लाख 90 हजार 115 रूपये थी जो अब बढ़कर 89 लाख 68 हजार 480 रूपये हो गई है।

2024-04-25T07:56:53Z dg43tfdfdgfd