MAHTARI VANDAN YOJANA: मई आई, महतारी के चेहरे में खुशी छाई, बैंकों में उमड़ी भीड़

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। "मई" के पहले ही दिन महतारी वंदन योजना की राशि एक हजार रुपये महिलाओं के खाते में साय-साय जमा हो गई। मोबाइल पर जैसे ही राशि जमा होने का संदेश प्राप्त हुआ, तो महिलाओं के चेहरे पर खुशी देखते बन रही थी। न्यायधानी के कई बैंकों में भीड़ उमड़ी।

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रदेश की हर पात्र महिला को सालाना 12 हजार रुपये दिया जाना है। इसके परिणाम स्वरूप महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इस योजना का लाभ मिलने से महिलाओं में खुशी की भी लहर देखी जा रही है। वहीं महतारी वंदन योजना की तीसरी किस्त का इंतजार कर रही महिलाओं के खाते में आज एक हज़ार रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। साय सरकार ने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत तीसरी किस्त महिलाओं के खाते में ट्रांसफर कर दी है। इसके तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को एक-एक हजार की राशि उनके खातों में पहुंचाई गई है। इनमें बिलासपुर जिले से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं। बुधवार को सीतापुर की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह जानकारी दी।

समय पर ट्रांसफर होगी राशि

महतारी बंधन योजनाएं की राशि वितरण तारीख को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चुनाव प्रचार के दौरान कई सभाओं में घोषणा की थी कि इस बार महतारी वंदन योजनाएं के पैसे तय समय पर ही आएंगे इस दौरान उन्होंने कहा था कि हर महीने राशि का भुगतान महीने के पहले सप्ताह में ही किया जाएगा। इसी अंतर्गत तीसरी किस्त जमा हुई है।

क्या है महतारी वंदन योजना

छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा महतारी वंदन योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत लाभार्थी महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी है। इस तरह महिलाओं को सालाना 12 हजार की आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। योजना का प्रथम और दूसरा चरण पूरा हो चुका है। इसमें करीब 70 लाख आवेदन सरकार को प्राप्त हुए थे।

2024-05-02T03:39:13Z dg43tfdfdgfd