LOK SABHA ELECTION LIVE: PM मोदी बोले- राहुल गांधी के कारण कांग्रेस छोड़ रहे नेता; गुवाहाटी में शाह का रोड शो

पहले और दूसरे चरण के मतदान के बाद अब राजनीतिक पार्टियां तीसरे चरण के चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। लोकसभा चुनाव-2024 के लिए तमाम राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी है। बता दें, सात मई को होने वाले तीसरे चरण के चुनाव में 12 राज्यों की 94 सीटों पर मतदान होना है। 

राजनाथ सिंह आज भरेंगे पर्चा

रक्षा मंत्री और लखनऊ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजनाथ सिंह आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे और रोड शो करेंगे। उनके कार्यक्रम के मद्देनजर तैयारियां जारी हैं।

कांग्रेस दक्षिण मालदा में जीत हासिल करेगी

मालदा दक्षिण सीट से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार ईशा खान चौधरी ने कहा, 'मैं दक्षिण मालदा से खड़ा हूं। स्थिति में हर दिन सुधार हो रहा है। मतदाता एक रणनीतिक निर्णय ले रहे हैं। साल 2021 में, पूरे पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने अपनी सभी विधायक सीटें खो दीं। जब भी चुनाव आता है, भाजपा एनआरसी और सीएए के बारे में बात करना शुरू कर देती है, जब चुनाव खत्म हो जाता है तो इसके बारे में बात भी बंद हो जाती है। जनता बहुत सावधान हो गई है और सोचती है कि अब यह एक गंभीर मुद्दा नहीं है। इसलिए वे अब अपने दिल से स्वतंत्र रूप से मतदान कर रहे हैं ताकि इस बार कोई डर न हो। हमें लगता है कि जनता हमारे साथ है, कांग्रेस दक्षिण मालदा में जीत हासिल करेगी और उम्मीद है कि उत्तरी मालदा में भी।

पुणे में पीएम मोदी करेंगे मेगा रैली

आज पीएम मोदी महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक मेगा रैली करेंगे। वह यहां महायुति के चारों उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के लिए 'महाविजय संकल्प रैली' को संबोधित करेंगे, जिसमें लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। महाविजय संकल्प रैली शाम चार से नौ बजे के बीच रेसकोर्स ग्राउंड में होगी।

प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनमानस में श्रद्धा: शेखावत

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, 'पंजाब में चुनाव की शुरुआत हो रही है। भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं के आधार पर चुनाव लड़ने वाली राजनीतिक पार्टी है। नरेंद्र मोदी सरकार ने गरीब कल्याण के लिए सफलतापूर्वक काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनमानस में श्रद्धा है।'

जेल का जवाब वोट से अभियान चलाया

आप की ट्रांसजेंडर विंग ने दिल्ली में 'जेल का जवाब वोट से' अभियान चलाया। आप नेता दिलीप पांडे और पार्षद बॉबी किन्नर अभियान में शामिल हुए।

लखनऊ के लोग एकतरफा राजनाथ सिंह के लिए चुनाव लड़ते हैं: स्वतंत्र देव सिंह

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, 'राजनाथ सिंह जी एक तपस्वी नेता हैं...उन्होंने हमेशा दलितों-वंचितों, पिछड़े वर्गों पर ध्यान दिया है। आज उनका नामांकन है...लखनऊ के लोग एकतरफा राजनाथ सिंह के लिए चुनाव लड़ते हैं।'

हम 14 में से 12-13 सीटें जीतेंगे: सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, 'असम में चुनाव बहुत बढ़िया हुआ है। हम 14 में से 12-13 सीटें जीतेंगे।'

असम सीएम ने लोगों के साथ नृत्य किया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने चिरांग में एक सार्वजनिक सभा के दौरान लोगों के साथ नृत्य किया।

राहुल गांधी पर सीएम योगी आदित्यनाथ का हमला

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'राहुल गांधी हमेशा अपने वक्तव्यों के माध्यम से चर्चा में बने रहने के आदि हैं। जिन्हें भारत के इतिहास और भूगोल की जानकारी नहीं है, वो इस प्रकार की अनर्गल टिप्पणी ही करेंगे...जिन लोगों ने अपने आपको एक्सीडेंटल हिंदू कहा है, वे भारत के इतिहास के बारे में चर्चा करेंगे तो यह हास्यास्पद ही होगा। भारत की एक समृद्ध परंपरा रही है...मुझे आश्चर्य इस बात का होता है कि राहुल गांधी बोलते समय उन राजाओं के योगदान को क्यों भूल गए, जिन्होंने भारत को बनाने में योगदान दिया...जिन्होंने हिंदुस्तान का इस्लामीकरण करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी, जिन लोगों ने अत्याचार की सभी सीमाओं को लांघ डाला था, राहुल गांधी को इसके बारे में भी चर्चा करनी चाहिए।'

मैंने बदलते हुए लखनऊ को देखा: धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, 'मैंने बदलते हुए लखनऊ को देखा है, आज यहां फ्लाईओवर हैं, मेट्रो है, हर तरह के पार्क हैं, सड़कें हैं, लाइटें हैं, गलियां हैं...लखनऊ का बहुत तेजी से विकास हुआ है और जो काम अटल जी के समय में शुरू हुए थे उन सभी को राजनाथ सिंह के नेतृत्व में आगे बढ़ाया गया है और आज पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए तैयार है।'

जनता महागठबंधन को जिताने का कर रही काम: तेजस्वी यादव

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'ये चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। इस चुनाव में बिहार की पूरी जनता महागठबंधन को जिताने का काम कर रही है। हमने कई बार कहा है कि चौंकाने वाले नतीजे देने का हम काम करेंगे। अभी हम सारण जा रहे हैं। वहां हमारी बहन का नामांकन है।'

राजनाथ सिंह ने रोड शो किया

केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजनाथ सिंह ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और अन्य भाजपा नेताओं के साथ रोड शो किया।

मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएंगे: कौशल किशोर

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा, 'देश की जनता पूरी तरह से मोदी जी के साथ खड़ी है। राष्ट्र के निर्माण के लिए जनता कमल पर वोट देने जा रही है और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने जा रही है।'

ऐसे देश नहीं चलता: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'इस देश ने तीन दशक तक अस्थिरता की कीमत चुकाई है। तीन दशक तक अस्थिर सरकार चली, निर्बल प्रधानमंत्री चले। 10 साल से देश को एक मजबूत नेतृत्व मिला है, स्थिरता मिली है। INDI गठबंधन अगर ये कहता है कि एक साल शरद पवार, एक साल ममता बनर्जी, एक साल एम के स्टालिन और कुछ बचेगा तो राहुल गांधी प्रधानमंत्री बन जाएंगे। इस तरह से देश नहीं चलता है। मैं देश की जनता को मनपूर्वक अपील करना चाहता हूं कि कोई संभावना है ही नहीं लेकिन अगर INDI गठबंधन को बहुमत मिलता है तो देश की जनता जरूर सोचे इसका प्रधानमंत्री कौन बनेगा?'

राजनाथ सिंह ने नामांकन दाखिल किया

केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजनाथ सिंह ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।

स्मृति ईरानी ने रोड शो किया

केंद्रीय मंत्री और अमेठी से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले एक रोड शो किया। मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव भी इस दौरान मौजूद रहें।

बदहाली का जीवन जीने पर मजबूर किया: पीएम मोदी

कर्नाटक के बागलकोट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'पिछले 10 वर्षों में मोदी ने हर उस वर्ग की चिंता की है, जिसे कांग्रेस ने बदहाली का जीवन जीने पर मजबूर किया था। आज ये लोग एक झटके में गरीबी हटाने का दावा करते हैं, लेकिन इनकी 60 साल की सरकार, इनकी कई पीढ़ियों का काम गवाह है कि वंचित वर्ग के लिए इनकी मानसिकता क्या रही है? करोड़ों परिवार इस देश में जीवन की मूलभूत जरुरतों से वंचित थे। उनके दुख, उनकी तकलीफ से कांग्रेस और उनके साथियों को कोई वास्ता नहीं था।'

कर्नाटक को अपना लूट का एटीएम बनाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,'कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक को भी अपनी लूट का एटीएम बना लिया है। इतने कम समय में ही इन लोगों ने कर्नाटक का सरकारी खजाना खाली कर दिया है।'

केंद्रीय मंत्री और अमेठी से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने कहा, 'सेवा के नए संकल्प के साथ...प्रधानमंत्री मोदी से प्रेरित, भाजपा की प्रत्याशी के नाते अमेठी की सेवा में आज मैंने अपना नामांकन भरा है। यह वो क्षेत्र है जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने जयघोष किया था कि हम क्षेत्र में बदलाव की दृष्टि से अपना प्रत्याशी दे रहे हैं...मैं प्रधानमंत्री मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने पुन: मुझे अमेठी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया।'

बिहार में 'जातिवाद' को खत्म करना मकसद: अमित शाह

बेगुसराय के झंझारपुर में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने का मतलब है बिहार में 'जातिवाद' को खत्म करना और योग्यता के आधार पर राजनीति की शुरुआत करना... पीएम मोदी की जीत निश्चित है, ऐसा होने वाला नहीं है लेकिन अगर ये 'घमंडिया गठबंधन', INDI गठबंधन की जीत हुई, तो PM कौन बनेगा? क्या वे लालू यादव को प्रधानमंत्री बना सकते हैं, क्या स्टालिन या ममता बनर्जी इस देश को संभाल सकते हैं, क्या आप 'राहुल बाबा' के बारे में भी सोच सकते हैं?'

फर्जी वायरल वीडियो के मामले में अदालत जाएंगे

गृह मंत्री अमित शाह के फर्जी वायरल वीडियो पर तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने कहा कि मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। आरक्षण के नाम पर लोगों के बीच दंगा भड़काने की कोशिश की जा रही है। हम इस मामले पर कोर्ट जाएंगे। हम सीएम और उनकी पार्टी को अदालत में ले जाएंगे।

 

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष की कर्नाटक में रैली

कर्नाटक के कलबुर्गी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं साफ करना चाहता हूं कि हम किसी का मंगलसूत्र छीनने वाले नहीं हैं। हमने अपने लोगों को खोया है।

 

राहुल गांधी ने की महालक्ष्मी योजना की तारीफ

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अब एक नई योजना लाई है- महालक्ष्मी योजना। हम हिंदुस्तान के गरीब परिवारों की लिस्ट बनाएंगे। हर परिवार में से एक महिला का नाम चुनेंगे। उस महिला के बैंक अकाउंट में कांग्रेस पार्टी हर साल एक लाख रुपये देगी। हमारी सरकार हर महीने की पहली तारीख को 8,500 रुपये उनके बैंक अकाउंट में डालेगी। दुनिया में किसी सरकार ने ऐसा काम नहीं किया है। हिंदुस्तान की सरकार पहली सरकार होगी जो ये काम करेगी।

 

सतारा में कांग्रेस पर बरसे प्रधानमंत्री मोदी

महाराष्ट्र के सतारा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विश्व में जब भी नौसेना की चर्चा होती है तो छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम लिया जाता है लेकिन इतने सालों तक आजाद भारत के नौसेना के झंडे में अंग्रेजों का निशान था। भाजपा सरकार ने उस निशान को हटाया। हमने छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रतीक को स्थान दिया।

 

जेजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की सूची

जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा की पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। 

 

गुवाहाटी में शाह का रोड शो

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह असम के गुवाहाटी में आयोजित विशाल रोड शो में शामिल हुए। 7 मई को गुवाहाटी सहित धुबरी, कोकराझार और बारपेटा सीट पर मतदान होगा।

पीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना

महाराष्ट्र के पुणे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे की बातें खतरनाक हैं। खुद कांग्रेस के नेता इनके वजह से कांग्रेस छोड़ रहे हैं। कांग्रेस से वे नेता निकल रहे हैं, जिन्होंने जिंदगी के महत्वपूर्ण 15-20 साल कांग्रेस को दिए वे भी कांग्रेस छोड़ रहे हैं।  

पश्चिम बंगाल में रचेंगे इतिहास: भजनलाल शर्मा

पश्चिम बंगाल के हुगली में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि इस बार पश्चिम बंगाल के लोकसभा चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव में हम इतिहास रचेंगे। इस बार हम पश्चिम बंगाल की 33 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। पूरे देश में एनडीए 400 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा। राजस्थान में हमने 2014 और 2019 में 25 सीटें जीती थीं। इस बार भी हम सभी 25 सीटें जीतेंगे।

 

लोकसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर कसा तंज

कोटा से भाजपा उम्मीदवार और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं हैं। उनके पास न कोई नेतृत्व है और न ही प्रधानमंत्री का कोई उम्मीदवार। वे सिर्फ मुद्दों से भटकाना चाहते हैं। झूठे प्रचार, झूठे वीडियो, गलत तथ्यों के माध्यम से जनता को भ्रमित करते हैं। चुनाव मुद्दों पर लड़ना चाहिए। उनके पास सिर्फ झूठ है। झूठ के आधार पर वे चुनाव लड़ना चाहते हैं। 

 

पूर्व सीएम केसीआर का रोड शो

तेलंगाना में तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने अपने समर्थकों का अभिवादन किया।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

भाजपा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के फर्जी मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की। भाजपा ने आयोग से कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है। भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी सहित अन्य नेता शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के खिलाफ भी शिकायत की। टीएमसी के खिलाफ आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि टीएमसी भाजपा नेताओं के खिलाफ हिंसा को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।

महाराष्ट्र युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ केस दर्ज

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फर्जी वीडियो साझा करने के आरोप में महाराष्ट्र युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मुंबई बीजेपी नेता प्रतीक करपे ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

2024-04-29T03:42:44Z dg43tfdfdgfd