JANJGIR-CHAMPA NEWS : जिम्मेदारों को नहीं सरोकार, बड़ी दुर्घटना का इंतजार

नईदुनिया न्यूज,जांजगीर - चांपा : जिला मुख्यालय से बलौदा को जोड़ने नैला बलौदा सड़क की हालत खस्ता हो गई है। सड़क में जगह जगह जानलेवा गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण इस मार्ग में आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग में ग्राम जावलपुर, जर्वे, सिवनी, कन्हाईबंद, रेलवे ओह्वरब्रिज सभी जगह पर सड़क बड़े बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। जिसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सिवनी के नहर मोड़ के पास चार से पांच फीट तक चौड़ा गड्ढा हो गया है। जिस पर हमेशा पानी भरा रहता है। वहीं नहर पुल की दीवार भी टूट गई है। इससे वाहनों के नहर में गिरने का भी खतरा बना हुआ है। इसी तरह जर्वे के पास हसदेव नहर का पुलिया भी बहुत ही जर्जर हो गया है। इस पुल को वाहन चालक जान जोखिम में लेकर पार करते हैं।

नैला - बलौदा मार्ग में कोलवाशरी के भारी वाहन चलते हैं। ये वाहन कोयला लेकर नैला रेलवे साइडिंग आवागन करते हैं। इन वाहनों की आवाजाही से लोग परेशान तो हैं ही ऊपर से इस सड़क में जावलपुर के पास बने बड़े बड़े गड्ढेकी वजह से वाहन चालकों और राहगीरों की परेशानी अलग हो रही है। इन गड्ढे से आए दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों का जिला मुख्यालय आना जाना लगा रहता है। सड़क पर पानी छिड़काव नहीं होने से गाड़ियों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल से लोगो के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। सड़क की धूल से लोग दमा सांस की बीमारी से पीड़ित हो रहे हैं। सड़क जर्जर होने के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर छोटे चार पहिया वाहन कार, आटो और बाइक सवार जान जोखिम में डालकर सफ़र करते हैं।

गड्ढों की वजह से वाहन के पलटने का डर बना रहता है। इधर सड़क दुर्घटना रोकने के नाम पर पुलिस वाहनचालकों पर कार्रवाई कर रही है। जबकि उधर जर्जर सड़कों के चलते आए दिन दुर्घटना हो रही है। कलेक्टर के निर्देश के बाद भी जर्जर सड़क की मरम्मत करने विभाग द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शायद विभाग को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार है। इस मार्ग में कोलवाशरी की बड़ी बड़ी गाड़ियां चलती है। ये गाड़ियां कोयला लेकर नैला रेलवे साइडिंग आती जाती है। इन गाड़ियों की आवाजाही से लोग परेशान तो हैं ही ऊपर से इस मार्ग में जगह जगह पर बने गड्ढे ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी हैं। आए दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। सड़क की खस्ता हाल से लोगों मेंआक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने सड़क मरम्मत की मांग की है।

जर्वे नहर पुल में रेलिंग नहीं होने से खतरा

बलौदा - जांजगीर मार्ग में जर्वे के पास स्थित नहर पुल काफी जर्जर हो गया है। इस पुल के एक तरफ़ के हिस्सेकी आधी रेलिंग भी टूट चुकी है। वहीं बरसात के दिनों में नहर में पानी भी पाटोपाट बहती है। ऐसे में यदि कोई वाहन चालक पुल को पार करने के दौरान नहर में गिर गया तो उसकी जान जा सकती है। नहर पुल की मरम्मत के तरफ़ न तो विभाग द्वारा कोई ध्यान दिया जा रहा है और न ही प्रशासन कोई पहल कर रहा है। नहर पुल के पास बिजली की भी व्यवस्था नहीं है। ऐसे में रात में अंधेरा होने पर नहर पुल को पार करना और दुस्कर हो जाता है साथ ही हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।

2024-04-27T19:36:59Z dg43tfdfdgfd