JHARKHAND WEATHER UPDATE: झारखंड में आंधी-बारिश से तबाही, वज्रपात से 7 की मौत

रांची समेत राज्य के कई जिलों में गुरुवार को आंधी के साथ बारिश हुई। कई जगहों पर वज्रपात भी हुआ। वर्षा के कारण गर्मी से राहत तो मिली पर आंधी और वज्रपात से तबाही भी मची। आंधी से कई पेड़ उखड़ गए तो कई जगह घरों के छप्पर उड़ गए। कई इलाकों में बिजली के पोल गिरने से बिजली बाधित रही। आंधी-बारिश व वज्रपात ने प्रदेश में 7 की जान भी ले ली। मृतकों में 2 पलामू तथा एक-एक रांची के राहे, खूंटी, चतरा, बेरमो और हजारीबाग के हैं। विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा।

वज्रपात की चपेट में आकर गई जानें

जानकारी के अनुसार पलामू के हुसैनाबाद में वज्रपात की चपेट में आकर दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो झुलस गए। वहीं चतरा के लावालौंग में ठनका से एक सेवानिवृत्त चौकीदार की मौत हो गई। हजारीबाग के इचाक में आंधी के दौरान दीवार गिरने से एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं राहे में ठनका से एक युवक की मौत हो गई। खूंटी के मारंगहादा में भी एक युवक की ठनका ने जान ले ली। आंधी के कारण गुमला के कामडारा में कई पेड़ गिर गए। इससे रांची-सिमडेगा मार्ग पर एक घंटा जाम लगा रहा। लातेहार के कई इलाकों में आंधी से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।

ग्रामीण इलाकों में भी हुई भारी तबाही

रांची के ग्रमीण इलाकों में भारी तबाही रांची के ग्रामीण इलाकों में आंधी के कारण भारी तबाही मची। नगड़ी समेत कई इलाकों 50 किमी की रफ्तार से आंधी चली। आंधी से नगड़ी इलाके में एक मुर्गी फॉर्म धराशाई हो गया। इसमें सैकड़ो चूजों की मौत हो गई। वहीं फॉर्म संचालक पवन कुमार तिर्की घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस इलाके में कई घरों को छप्पर भी उड़ गए हैं। आंधी का असर खेती पर भी पड़ा है।

बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन

मानसून तक उतार-चढ़ाव मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में दक्षिणी पश्चिमी मानसून की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मानसून पूर्व की गतिविधियां अब मौसम को प्रभावित करेंगी। इससे मानसून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों के मौसम में उतार-चढ़ाव होगा। 28 मई के बाद रांची समेत कई हिस्सों में बारिश में कमी आ सकती है। इसके बाद पारा चढ़ने के आसार हैं।

2023-05-26T01:07:35Z dg43tfdfdgfd