लोकतंत्र को लूटतंत्र बनाने वाली झलक फिर झारखंड में दिखी : विजय सिन्हा

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम के निजी सचिव के घरेलू सहायक के घर से करोड़ों की धनराशि बरामद होना यह बताता है कि देश में लोकतंत्र को लूटतंत्र कौन बना रहा है? झारखंड से देश को कांग्रेस के मंसूबों की झलक मिली है।

सिन्हा ने कहा कि देश के लोगों ने आज फिर देखा है कि विपक्षी गठबंधन के लोग सत्ता में आकर कमीशन और करप्शन की दुकान खोल लेते हैं। जनता की गाढ़ी कमाई को लूटना इनका लक्ष्य होता है। जब केंद्रीय एजेंसियों के द्वारा इनके भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाता है तब विपक्षी गठबंधन के परिवारवादी शहजादों की फौज को लोकतंत्र और संविधान खतरे में नज़र आने लगता है। मोदी को जनता ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में करीब ढाई दशक तक काम करने का मौका दिया है। लेकिन उन पर आजतक कोई ढाई रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता। देश के लोग जानते हैं कि विपक्षी गठबंधन के लिए राजनीति 'प्रोफेशन' है जबकि मोदी जी के लिए राजनीति 'राष्ट्रनीति का मिशन' है। इसलिए पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार गरीब, युवा, महिला और किसानों का कल्याण कर इन चारों जातियों का भरोसा जीतने में सफल रही है। इस बार का जनादेश भी मोदी की गारंटी के नाम ही होगा।

2024-05-07T12:13:06Z dg43tfdfdgfd