SHARK ATTACK EGYPT: लाल सागर में तैर रहे रूसी नागरिक को जिंदा खा गई शार्क, सामने आया दिल दहलाने वाला वीडियो

काहिरा: मिस्र के हूर्घाडा बीच पर तैर रहे एक रूसी नागरिक को शार्क जिंदा खा गई। इस दौरान बीच पर मौजूद सैकड़ों लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाया, लेकिन मदद के लिए कोई नहीं गया। इस घटना के वायरल वीडियो में रूसी तैराक को समुद्र में शार्क से बचने के लिए संघर्ष करते हुए देखा जा सकता है। बाद में शार्क उस शख्स को पानी के नीचे खींच लेती है। सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे 52 सेकेंड के वीडियो में पानी में हलचल और लोगों के चिल्लाने की आवाजों को स्पष्ट रूप से सुना जा सकता है। वीडियो को रिकॉर्ड कर रहा एक शख्स कहता है कि अब वह उसके बचे हुए अंगों को खा रही है।

मिस्र के पर्यावरण मंत्रालय ने मौत की पुष्टि की

मिस्र के पर्यावरण मंत्रालय ने इस घटना की पुष्टि की और कहा कि समुद्र तट पर एक टाइगर शार्क के हमले में रूसी मूल के नागरिक की मौत हो गई है। रूसी मीडिया ने बताया कि मरने वाला शख्स की उम्र 24 साल थी और वह रूस का नागरिक था। इस घटना को रूस में भी बड़ी संख्या में देखा गया है। मरने वाले रूसी नागरिक का नाम व्लादिमीर पोपोव बताया जा रहा है। इस हमले के बाद शुक्रवार को शुरू होने वाले दो दिवसीय वॉटर स्पोर्ट्स को दो दिनों के लिए टाल दिया गया है। लाल सागर एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जहां शार्क आम हैं लेकिन शायद ही कभी उन लोगों पर हमला करती हैं

मिस्र का स्थायी निवासी था रूसी नागरिक

रूसी महावाणिज्यदूत विक्टर वोरोपायेव ने सरकारी न्यूज एजेंसी TASS को बताया कि मिस्र के अधिकारियों ने उन्हें रूसी नागरिक की मृत्यु की पुष्टि की है। मरने वाला शख्स व्लादिमीर पोपोव 1999 में पैदा हुआ था। हालांकि, वोरोपायेव ने समाचार एजेंसी को बताया कि व्लादिमीर पोपोव कोई पर्यटक नहीं था, बल्कि मिस्र का स्थायी निवासी था।

चश्मदीद ने बताई आंखो देखी

एक अन्य चश्मदीद ने आरईएन-टीवी से कहा कि उसने रूसी नागरिक की मदद करने की कोशिश की लेकिन घटना सेकंडों में खत्म हो गई। उसने कहा कि यह एक सेकंड में हुआ। बचावकर्मियों ने बहुत तेजी से प्रतिक्रिया की। किसी कारण से, मुझे तुरंत लगा कि यह एक शार्क है। मैं तुरंत उछल पड़ा और चिल्लाने लगा: 'शार्क, शार्क! अपने आप को बचाओ! उतने कम समय में कोई नहीं समझ पाया कि क्या हुआ है।

मिस्र ने हमला करने वाली शार्क को पकड़ा

मिस्र के पर्यावरण मंत्रालय ने कहा कि एक टीम ने शार्क को निरीक्षण करने के लिए पकड़ा था। जांच दल ने बताया कि इस शार्क का व्यवहार असामान्य था, इसी कारण उसने इंसान पर हमला किया। शार्क को जांच के लिए और हमले के संभावित कारणों को निर्धारित करने के लिए सभी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए शॉर्क को लैब में भेज दिया गया है।

2023-06-10T15:17:35Z dg43tfdfdgfd