लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस को एक और झटका, अब प्रियंका गांधी के करीबी नेता ने छोड़ा हाथ का साथ

लोकसभा चुनाव 2024 के बीच कांग्रेस पार्टी को आज एक और बड़ा झटका लगा है। एआईसीसी के हिमाचल प्रदेश प्रभारी सचिव तजिंदर पाल सिंह बिट्टू ने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बिट्टू को प्रियंका गांधी का करीबी माना जाता था।

तजिंदर पाल सिंह बिट्टू ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपना इस्तीफा भेजकर तत्काल सभी पदोंं और दायित्वों से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद आज ही वह भाजपा भी जॉइन कर सकते हैं। तजिंदर सिंह बिट्टू बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल के साथ बीजेपी कार्यालय पहुंच गए हैं।

हिमाचल की चारों लोकसभा सीट- हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और शिमला में 1 जून को मतदान होगा और 4 जून को नतीजे घोषित किए जाएंगे। बिट्टू हिमाचल के प्रभारी भी थे, इसलिए हिमाचल में चुनाव से पहले इसे कांग्रेस के लिए इसे एक झटके के तौर पर देखा जा रहा है।

बता दें कि, लोकसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले और बाद में कांग्रेस पार्टी को एक के बाद एक झटके लगते जा रहे हैं। पिछले कुछ समय में देश-प्रदेश में कांग्रेस के अनेक नेता और कार्यकर्ता हाथ का साथ छोड़कर अन्य दलों में शामिल हो गए हैं। इनमें गौरव वल्ल्भ जैसे कुछ बड़े नाम भी शामिल हैं।  

देशभर में लोकसभा चुनाव शुरू हो गया है। यह चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होकर सात चरणों में संपन्न होंगे और नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। यह दुनिया की सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रिया होगी। पहले चरण का चुनाव 19 अप्रैल, दूसरे चरण का चुनाव 26 अप्रैल, तीसरे चरण का चुनाव 7 मई, चौथे चरण का चुनाव 13 मई, पांचवें चरण का चुनाव 20 मई, छठे चरण का चुनाव 25 मई और सातवें चरण का चुनाव 1 जून को होगा। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 303, कांग्रेस ने 52, तृणमूल कांग्रेस ने 22, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 10, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने पांच, माकपा ने तीन और भाकपा ने दो सीट जीती थीं। 

2024-04-20T05:43:07Z dg43tfdfdgfd