बारिश के पानी का संचयन बेहद आवश्यक

नवीनगर प्रखंड क्षेत्र के चंद्रगढ़ में बुधवार को वर्षा जल संचयन जागरूकता परिर्चचा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागरूकता परिचर्चा कार्यक्रम का उद्घाटन सचिव पंकज कुमार सिंह, बीडीओ देवानंद सिंह, ललित नारायण सिंह, जिला परिषद हरिराम, पैक्स अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, नालंदा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य सच्चिदानंद सिंह, एएनएस कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर मंगल किशोर सिंह ने दीप जला कर किया। बीडीओ देवानंद सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल संचयन पर विचार विमर्श करना है। भूजल स्तर में काफी गिरावट आई है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए सरकार के द्वारा वर्षा जल संचयन की योजना चलाई जा रही है। शहर तथा गांव के इलाको में लोगों को जागरूक कर वर्षा जल संचयन के बारे में बताना है और इस समस्या से कैसे निपटा जाए, इसकी जानकारी देनी है। आने वाली पीढ़ी को भूजल स्तर की समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए वर्षा जल संचयन अति आवश्यक है। नवीनगर प्रखंड में भूजल स्तर की समस्या भयावह थी। गांव में टैंकर के मध्यम से पीने का पानी भिजवाया जाता था। अगर यही हाल आने वाले दिनों में रहा तो पलायन करना पड़ेगा। सचिव ने कहा कि बारिश के पानी को ऐसे ही बहने नहीं दिया जाए बल्कि उसे जमा करके रखें तथा उपयोग करें। 20 फीट बोरिंग करके, पानी उसमें डाल दें ताकि आस-पास के भूजल स्तर बना रहे। मौके पर मुखिया अमोद सिंह चंद्रवंशी, अशोक कुमार सिंह, आत्मा अध्यक्ष उदय कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, प्रमेंद्र सिंह, कॉलेज के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, पूर्व वार्ड पार्षद योगेंद्र सिंह उपस्थित थे।

2024-07-03T15:00:10Z dg43tfdfdgfd