नवगछिया: पुलिस अधिकारी का महिला की पिटाई करते वीडियो वायरल, मां को बचाने के दौरान नाबालिग बेटा हुआ घायल

नवगछिया, संवाद सहयोगी: परवत्ता थाना के पुलिस पदाधिकारी द्वारा गोनरचक में एक महिला को पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है।

पीड़ित महिला परवत्ता थाना के गोनरचक निवासी गुड्डु मिश्रा की पत्नी नंदनी देवी है। मारपीट की घटना में महिला का पुत्र कुंदन कुमार भी जख्मी हो गया।

महिला ने बताया पड़ोसी से विवाद

महिला और उसके पुत्र को स्वजनों ने इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती करवाया। महिला नंदनी देवी ने बताया कि गोनरचक निवासी बबलू मिश्रा घर निर्माण के दौरान जबरन उसकी जमीन पर छज्जा दे रहे थे।

छज्जा देने का विरोध किया तो बब्‍लू मिश्रा, भोला मिश्रा, रेखा देवी मारपीट करने लगे। महिला ने परवत्ता थाना के पुलिस पदाधिकारी पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया है।

पुलिस पदाधिकारी द्वारा महिला की पिटाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि महिला सिपाही महिला को पकड़े हुए है, जबकि पुलिस पदाधिकारी उसकी पिटाई कर रहे हैं।

थानाध्‍यक्ष का यह कहना

इस संबंध में परवत्ता थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम गई थी। पुलिस पदाधिकारी द्वारा मारपीट नहीं की गई है। पुलिस पदाधिकारी दोनों पक्ष के लोगों को समझा-बुझा रहे थे। पीड़ित महिला द्वारा इस संबंध में कोई आवेदन नहीं दिया गया है।

2023-05-28T19:22:56Z dg43tfdfdgfd