नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ये किनसे मिल रहे हैं राहुल गांधी? कांग्रेस ने एक्स पर शेयर की फोटो

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अब लोकसभा में नेता विपक्ष हैं। उन्होंने लोकसभा चुनावों से पहले समाज के विभिन्न तबकों के साथ राब्ते का जो सिलसिला शुरू किया था, उसे फिर से बहाल किया है। राहुल ने गुरुवार को दिल्ली के जीटीबी नगर में कंस्ट्रक्शन वर्कर्स से मुलाकात की तो अगले ही दिन शुक्रवार को नई दिल्ली रेवले स्टेशन पहुंच गए। राहुल ने रेलवे स्टेशन पर लोको पायलट्स से मुलाकात की और उनके काम-काज के बारे में जाना।

राहुल गांधी की पहले जीटीबी नगर के मजदूरों और फिर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में लोको पायलट्स से मुलाकात की तस्वीरें सामने आई हैं। कांग्रेस पार्टी ने इन मुलाकातों को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट भी किया है। शुक्रवार की मुलाकात की तस्वीरों के साथ कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि लोको पायलट देश की जीवन रेखा माने जाने वाले रेलवे सिस्टम की रीढ़ हैं।

कांग्रेस ने गुरुवार को राहुल के जीटीबी नगर के दौरे की तस्वीरें भी एक्स पर साझा कीं। पार्टी ने मजदूरों के काम में हाथ बंटाते हुए एक वीडियो शेयर किया। पार्टी ने पोस्ट में लिखा है कि राहुल मेहनतकश लोगों को न्याय और हक दिलाना चाहते हैं।

ध्यान रहे राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा से अपना जनसंपर्क अभियान शुरू किया था। भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दो चरणों में राहुल गांधी ने देश के ज्यादातर राज्यों का दौरा किया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्ग से पार्टी के समर्थकों ने भी राहुल का साथ दिया था। इस बार लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन बीते 2014 और 2019 को लोकसभा चुनावों के मुकाबले बेहतर हुआ है। कांग्रेस 2014 में 44 जबकि 2019 में 52 सीटों पर सिमट गई थी जबकि इस बार उसे 99 सीटें हासिल हुई हैं।

सभी लेटेस्ट न्यूज़, बिज़नेस न्यूज़, लोकल न्यूज़, स्पोर्ट्स न्यूज़, दैनिक राशिफ़ल और लाइफस्टाइल अपडेट्स के लिए जुड़ें नवभारत टाइम्स से. हर तरह के वीडियो और रील्स देखें TimesXP पर.

2024-07-05T11:50:56Z dg43tfdfdgfd