तटबंध की मरम्मत कराकर नहर को चालू कराने की कवायद

उत्तर कोयल नहर के वितरणियों के टूटे तटबंध की मरम्मत कराकर इसमें पानी छोड़ने की कवायद में विभाग जुटी है। अंबा डिवीजन के कार्यपालक अभियंता कुमार आनंदवर्धन पुसन ने बताया कि बसडीहा कैनाल के टूटे तटबंध की मरम्मत करा ली गई है। जल्द ही किसानों को नहर का पानी उपलब्ध होगा। विदित हो कि 1 जुलाई को नहर में पानी छोड़ा गया था। पानी झारखंड की सीमा पार करते हुए औरंगाबाद के नवीनगर होते हुए अंबा पहुंच चुकी थी। इसी बीच बिहार और झारखंड के कई वितरणियों का तटबंधन टूट गया, जिसके चलते जलापूर्ति बाधित हो गई थी। ऐसी स्थिति में किसानों को खरीफ मौसम में पानी उलब्ध कराने को लेकर विभाग तत्पर हुई और टूटे तटबंधों की मरम्मत का काम शुरू किया गया। मशीन लगाकर तटबंध की मरम्मत कराई गई। किसानों को अब नहर में पानी आने का इंतजार है। जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता अर्जुन प्रसाद सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मुख्य नहर में 364 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। नवीनगर डिवीजन को 100 क्यूसेक पानी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को पानी बढ़ाया जाएगा। नहर की तकनीकी कमियों को दूर कर लिया गया है। कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द किसानों के खेत तक पानी पहुंचे। बराज के कार्यपालक अभियंता विनीत प्रकाश ने बताया अंबा व नवीनगर डिवीजन के द्वारा यदि पानी की मांग की जाती है तो बराज से पानी बढ़ाया जाएगा।

2024-07-05T18:38:36Z dg43tfdfdgfd