'झामुमो प्राइवेट लिमिटेड पार्टी... हर कोई सीएम बनना चाहता है', हेमंत सोरेन के CM पद की शपथ लेने पर सियासी बवाल

पटना: जेल से बाहर आने के बाद हेमंत सोरेन एक बार फिर झारखंड के मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने 7 जुलाई को तीसरी बार सीएम पद की शपथ लेने का ऐलान किया था। उसके बाद अचानक ये तय हुआ कि वो आज ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उसके बाद आनन-फानन में राजभवन में हेमंत सोरेन को शपथ दिलाई गई। इस पर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा एक परिवार की पार्टी है। जिसमें कभी वो सीएम बने, कभी उनके भाई या फिर उनके पिता, क्या फर्क पड़ता है ? उनकी पार्टी एक प्राइवेट लिमिटेड पार्टी है। उसमें चिंता क्या करना है।

समाज में लालू की कमी नहीं-सम्राट

उन्होंने कहा कि इस देश में लालू प्रसाद जैसे लोग भरे पड़े हैं। लालू जी जिस तरीके से अपना परिवार बढ़ाना चाहते हैं, उसी तरह झारखण्ड मुक्ति मोर्चा परिवार की पार्टी भी। उनके परिवार के सभी लोग मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। वहीं बिहार में लगातार पुल गिरने के सवाल पर सम्राट चौधरी ने कहा कि एक-एक चीजों की जांच करवा रहा हूं। इस पर तुरंत कार्रवाई की सूची भी जल्द जारी करूंगा। जो दोषी अधिकारी हैं, उनपर भी कार्रवाई होगी ।आरजेडी नेता और पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग ट्विटर मास्टर हैं।

जेल में थे हेमंत

सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि उनका बिहार की जनता से कोई लेना देना नहीं है। चुनाव खत्म होते ही ट्वीट शुरू हो जाता है। ये लोग राजकुमार हैं। बता दें, झारखंड में चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। बुधवार को राजभवन पहुंचकर उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। जिसके बाद हेमंत सोरेन ने तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बनने का दावा पेश किया। वो कथित भूमि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद थे। उन्हें लगभग 5 महीने बाद 29 जून को जेल से रिहा किया गया। उसके बाद उन्होंने शपथ ले लिया है। बाकी मंत्री बाद में शपथ लेंगे।

सभी लेटेस्ट न्यूज़, बिज़नेस न्यूज़, लोकल न्यूज़, स्पोर्ट्स न्यूज़, दैनिक राशिफ़ल और लाइफस्टाइल अपडेट्स के लिए जुड़ें नवभारत टाइम्स से. हर तरह के वीडियो और रील्स देखें TimesXP पर.

2024-07-04T13:05:50Z dg43tfdfdgfd