घर के बाहर की गई फायरिंग

दाउदनगर, संवाद सूत्र। दाउदनगर थाना क्षेत्र के उमरचक में एक घर के बाहर बुधवार की रात फायरिंग की घटना घटी है। सूर्यकांत कुमार द्वारा एक प्राथमिकी दाउदनगर थाना में दर्ज कराई गई है। दर्ज प्राथमिकी में उनके द्वारा कहा गया है कि वह अपने मकान में अकेले सोए हुए थे। किसी ने उनका दरवाजा खटखटाया तो उनकी नींद टूटी। उन्होंने पूछा कि कौन है तो तीन-चार लोगों की आवाज आई। वे डर गए और हल्ला करने लगे। इसी दौरान अज्ञात लोग हवाई फायर करते हुए भाग गए। हल्ला को सुनकर अगल-बगल के लोग भी आ गए तब उन्होंने दरवाजा खोला तो देखा कि दरवाजा पर दो फायर किया हुआ गोली का खोखा गिरा हुआ है। उसी समय उन्होंने अपने बड़े भाई को सूचना दी, जिन्होंने दाउदनगर थाना को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर फायर किए हुए दोनों खोखा को अपने कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष फहीम आजाद खान ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

2024-03-28T17:52:14Z dg43tfdfdgfd