एमपी से भटक कर देव आई महिला और दो बच्चों को परिजनों को सौंपा

मध्य प्रदेश से भटक कर औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र में घूम रही एक महिला और उसके दो बच्चों को पुलिस ने बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। महिला की पहचान मध्य प्रदेश के विजय चौहान की पत्नी उषा देवी के रूप में की गई है। उसकी 4 वर्षीय बेटी अनु चौहान और ढाई वर्षीय बेटा नकुल चौहान उसके साथ था। जानकारी के अनुसार देव थाना क्षेत्र में उषा देवी अपने दोनों बच्चों के साथ भटक रही थी। देव थाना की पुलिस गश्त पर थी तभी उनकी नजर महिला और दोनों बच्चों पर पड़ी जो लावारिस हालत में घूम रहे थे। महिला और उसके दोनों बच्चों को देव थाना लाया। यहां उनसे पूछताछ की गई। महिला ने किसी तरह अपना नाम बताया और घर मध्य प्रदेश के बेढ़न थाना क्षेत्र में बताया। इसके अलावा कोई अन्य जानकारी वह नहीं दे पाई। सोशल मीडिया पर महिला के बारे में जानकारी दी गई, लेकिन उसका सत्यापन नहीं हो पाया। इसके बाद देव थानाध्यक्ष विकास कुमार को जानकारी मिली कि बेढ़न थाना मध्य प्रदेश राज्य के सिंगरौली जिला अंतर्गत है। उन्होंने बेढ़न थाना के सरकारी नंबर पर संपर्क किया और महिला के बारे में जानकारी देकर उसका सत्यापन किया। बेढ़न थाना के थानाध्यक्ष के द्वारा बताया गया कि उक्त महिला उन्हीं के थाना क्षेत्र की रहने वाली है। इसके बाद उसके परिजनों से संपर्क किया गया। महिला के ससुर और उसके नंदोशी देव थाना पहुंचे, जहां महिला और उसके दोनों बच्चों को उन्हें सौंप दिया गया।

2024-07-02T14:56:18Z dg43tfdfdgfd