TRAIN DELAY: सालीचौका के पास ओएचई टूटने से जबलपुर और इटारसी के बीच थम गईं ट्रेनें

Train Delay: नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जबलपुर-नरसिंहपुर रेलखंड में सालीचौका के पास गुरुवार को रेलवे लाइन का ओचई तार टूटने से पुणे दानापुर गाड़ी लगभग चार घंटे तक ट्रेनों के पहिए थमे रहे, इस बीच सुधार कार्य किया जा रहा था, लेकिन तेज गर्मी के चलते ट्रेन में बैठे यात्री हलाकान होते दिखाई दिए। वही इस दुर्घटना से इटारसी की ओर जाने वाली ट्रेनें प्रभावित हुई।

कई ट्रेनों को रोकना पड़ा। इसके अलावा लंबी दूरी की कुछ अन्य ट्रेनों को भी जबलपुर से श्रीधाम के बीच अलग-अलग स्टेशन में खड़े कर दिया गया। इससे यात्री परेशान हुए। लगभग पांच से छह घंटे तक मरम्मत कार्य हुआ। उसके बाद जबलपुर-इटारसी के बीच ट्रेनों की आवाजाही सामान्य हुई।

25 हजार केवी की विद्युत आपूर्ति वाली लाइन

प्राप्त जानकारी के अनुसार ओएचई तार ट्रटने की घटना गुरुवार को शाम के समय हुई। इस तार से ही ट्रेनों को चलाने के लिए विद्युत आपूर्ति होती है। यह लगभग 25 हजार केवी की विद्युत लाइन है। तार टूटकर आपस में टकराने से तेज चिंगारी निकली। उस समय आसपास कोई नहीं था। दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। रेल प्रशासन के अनुसार सुधार कार्य के बाद ट्रेनों का संचालन सुचारू हो गया है।

पानी के लिए तरसे यात्री

तेज गर्मी होने व कई घंटों तक ट्रेन रूके होने के चलते प्यास के कारण यात्री परेशान दिखाई दिए, वही सबसे ज्यादा हालत बच्चों की खराब दिखी, बावजूद इसके आसपास पीने के पानी के लिए कोई व्यवस्था न होने से लोग पानी ढूंढते नजर आए। घटना के लगभग एक घंटे तक पुणे दानापुर गाडी साली चौका में खड़ी रही, लेकिन तब तक सुधार कार्य करने रेलवे का दल नहीं पहुंचा था।

2024-05-02T14:56:02Z dg43tfdfdgfd