MP NEWS: दो बाघों की आपस की लड़ाई में एक की मौत, शव पर मिले चोट के गंभीर निशान

नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। उमरिया जिला वन मंडल के पाली रेंज में एक बाघ की मौत होने की जानकारी सामने आई है। इस बारे में मिली जानकारी के मुताबिक बाघ के शव पर चोट के काफी निशान पाए गए हैं।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाघ के शव का सोमवार की सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। ज्यादा शाम हो जाने के कारण रविवार को बाघ के शव का पोस्टमॉर्टम नहीं किया जा सका। हालांकि, मौके पर वन विभाग के अधिकारी और डॉग स्क्वाड भी पहुंच गया था।

आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण भी अधिकारियों ने डॉग स्क्वॉड के साथ किया है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन मंडल उमरिया के बिरसिंहपुर परिक्षेत्र के मंगठार बीट के कक्ष क्रमांक 555 में नर बाघ का शव पाया गया है।

आपस की लड़ाई में मौत

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पहली नजर में यह घटना दो बाघों की आपस की लड़ाई का परिणाम नजर आ रही है। आसपास दूसरे बाघ के पद चिन्ह भी पाए गए हैं। इतना ही नहीं आसपास लगे पेड़ों में भी दूसरे बाघ के पंजों के निशान देखने को मिल रहे हैं।

वन विभाग के अधिकारियों की बातों से स्पष्ट होता है कि हमेशा की तरह इस बाघ की मौत भी आपसी संघर्ष में हुई है। बाघ की मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगी।

2024-06-30T15:53:12Z dg43tfdfdgfd