LOK SABHA CHUNAV 2024 1ST PHASE LIVE: पश्चिम बंगाल में केंद्रीय मंत्री के घर के पास मिला बम! पथराव में BJP नेता घायल

Lok Sabha Chunav 2024 1st phase Liveलोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के पहले चरण (First Phase) में शुक्रवार सुबह देश भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 102 सीटों पर मतदान जारी। सुबह 9 बजे तक के आकड़ों पर एक नजर डाली जाए, तो  पहले चरण के मतदान का सुबह 9 बजे तक मतदान प्रतिशत, त्रिपुरा में सबसे ज्यादा 15.21% और लक्षद्वीप में सबसे कम 5.59% रहा। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम, तमिलनाडु, राजस्थान, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, अंडमान निकोबार, असम, नगालैंड, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर की अलग-अलग लोकसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा की 60 और सिक्किम की 32 सीट के लिए भी मतदान प्रारंभ हुआ।

इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल और भूपेंद्र यादव, कांग्रेस के गौरव गोगोई, और DMK की कनिमोझी शामिल हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार मतदान, सुबह सात बजे शुरू हो कर शाम छह बजे तक चलेगा। आयोग ने 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से ज्यादा मतदान कर्मियों को तैनात किया है। इन मतदान केंद्रों पर 16.63 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर शामिल हैं। 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं। इसके साथ ही 20-29 साल की उम्र के 3.51 करोड़ युवा मतदाता हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और ज्यादा सीटें जीतने के लिए कोशिश कर रहा है, तो वहीं विपक्षी गठबंधन ‘I.N.D.I.A.’ के घटक दल 2014 और 2019 के चुनावों में लगातार हार के बाद वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।

पहले चरण में जिन राज्यों की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान होगा उनमें तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (5), अरुणाचल प्रदेश (2), मेघालय (2), अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (1), मिजोरम (1), नगालैंड (1), पुडुचेरी (1), सिक्किम (1) और लक्षद्वीप (1) शामिल हैं।

इसके अलावा राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, असम और महाराष्ट्र में 5-5, बिहार में 4, पश्चिम बंगाल में 3, मणिपुर में 2 और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर और छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर मतदान होगा।

पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार बुधवार शाम खत्म हो गया। पिछले लोकसभा चुनाव (2019) में UPA ने इन 102 सीटों में से 45 और NDA ने 41 सीटें जीती थीं।

2024-04-19T00:29:24Z dg43tfdfdgfd