KORBA CRIME NEWS : हत्या कर महिला का शव फांसी पर लटकाया, पति व देवर गिरफ्तार

नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : फांसी में लटकी मिली महिला की लाश का पोस्टमार्टम करने के बाद मामला हत्या का निकला। पुलिस ने जांच के बाद महिला के पति व देवर को गिरफ्तार किया है। दोनों ने हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से महिला की लाश फांसी के फंदे में लटका दी थी।

मामला उरगा थाना अंतर्गत ग्राम तरदा में मई माह में घटित हुई थी। यहां निवासरत राजू कुर्रे की पत्नी सुनीता की लाश घर में फांदी के फंदे में लटके हुए मिली थी। सूचना के बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम करा अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया था। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली, तो पुलिस चौक पड़ी। एडिशनल एसपी यूवीएस चौहान ने बताया कि रिपोर्ट में महिला की गला घोंटकर हत्या करने की बात सामने आई है। विवेचना के बाद पुलिस ने सुनीता के पति राजू कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

तब उसने बताया कि किसी बात हुए विवाद के बाद उसने अपने भाई मनोज कुर्रे के साथ सुनीता की गला दबा हत्या कर दिए। इसके बाद मामला छिपाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया, ताकि आत्महत्या का मामला प्रतीत हो सके। पुलिस ने बताया कि मृतका के स्वजनों से बयान लिया गया है। उन्होंने बताया कि सुनीता की शादी को लगभग 11 साल हो चुके हैं और उसकी एक छह साल की बेटी और चार साल का बेटा भी है। बच्चे होने के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था।

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत

नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : बांगो क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के संबंध में बांगो थाना प्रभारी लक्ष्मण खुंटे ने बताया कि सुदन सिंह बिंझवार 56 वर्ष निवासी ग्राम सरभोंका बांगो की सडक़ हादसे में मौत हो गई। मुख्य मार्ग में बांगो कन्या छात्रावास के सामने किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना की सूचना इतिहास बिंझवार ने पुलिस को दी। स्थल पर पहुंची पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम करा अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि मामले दर्ज कर अज्ञात वाहन की पतासाजी की जा रही है।

सर्पदंश से लेपरा निवासी किशोर की मौत

नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : बांगो थाना क्षेत्र ही सर्पदंश से एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ग्राम लेपरा निवासी अर्जुन धनुहार 17 वर्ष को सर्प ने डंस लिया। पिता बंधन साय ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि सुबह चार बजे अर्जून अपने कक्ष में सो रहा था। इसी दौरान किसी विषैले सर्प ने उसे डंस लिया। किशोर की चीख सुनकर स्वजन उसके पास आए। आनन- फानन में उसे अस्पताल लेकर गए, पर शरीर में जहर फैल जाने की वजह से उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम करा अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

2024-07-04T18:54:23Z dg43tfdfdgfd