एजेंसी, रांची (Hemant Soren Jharkhand CM)। हेमंत सोरेन ने तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। पहले खबर थी कि हेमंत सोरेन अपने मंत्रियों के साथ 7 जुलाई को रांची के मोरहाबादी मैदान शपथ लेंगे, लेकिन बाद में स्पष्ट किया गया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष का शपथ ग्रहण आज होगा। मंत्री बाद में शपथ लेंगे।
इससे पहले दिन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने आईएनडीआईए गठबंधन के नेताओं को राजभवन आमंत्रित किया। दोपहर करीब 12.30 बजे झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर और राजद नेता सत्यानंद भोक्ता राजभवन पहुंचे। यहां शपथ ग्रहण की तारीख तय की गई।
झारखंड में इसी साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से कुछ महीने पहले ही हेमंत सोरेन को जमानत मिलना अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में हेमंत ही आईएनडीआईए का चेहरा होंगे।
(अपने पिता और झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेने का आशीर्वाद लेते हेमंत सोरेन)
इस बीच, जमानत मिलते ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की जल्दबाजी चर्चा का केंद्र बनी हुई है। भाजपा ने इस पर सवाल उठाया है, वहीं सत्ता पक्ष का मानना है कि अब हेमंत सोरेन, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तर्ज पर काम करेंगे। बता दें, तमाम आरोप लगने और सलाखों की पीछे पहुंच के बाद भी केजरीवाल ने इस्तीफा नहीं दिया है।
(पत्नी कल्पना से साथ हेमंत सोरेन)
झारखंड मुक्ति मोर्चा में शिबू सोरेन परिवार से बाहर का आदिवासी केवल काम चलाऊ है। शिबू सोरेन परिवार जब जैसे चाहे, उसका उपयोग करेगा और फिर उसे दूध की मक्खी की तरह निकाल फेंकेगा। - बाबूलाल मरांडी (झारखंड भाजपा अध्यक्ष)
8 अगस्त 2023: जमीन घोटाला मामले में ईडी ने पहली बार हेमंत सोरेन को पूछताछ के लिए समन जारी किया।