JANJGIR-CHAMPA NEWS : मौसम के साथ राजनीति भी गरमाई

नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर- चांपा : बढ़ते तापमान और तेज गर्मी के साथ लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा भी बढ़ने लगा है। जिला मुख्यालय में चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हुई है। गुरूवार को कांग्रेस प्रत्याशी डा. शिव कुमार डहरिया ने नामांकन जमा किया। इसके पूर्व कचहरी चौक में कांग्रेसियों की सभा हुई। जिसमें नेता प्रतिपक्ष डा. चरण दास महंत , लोकसभा के आठों विधानसभा के विधायक सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे। सभा के बाद डा. डहरिया ने नामांकन जमा किया। इधर भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े 19 अप्रैल को नामांकन जमा करेंगी।

उनकी नामांकन रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। 19 अप्रैल को सुबह 11 बजे भाजपा की नामांकन रैली जांजगीर नैला रेलवे स्टेशन चौक से प्रारंभ होगी। इस रैली में मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, उपमुख्यमंत्री द्वय अरूण साव, विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी, सांसद गुहाराम अजगल्ले, लोकसभा प्रभारी गौरीशंकर अग्रवाल, छग विधानसभा पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व विधायक सौरभ सिंह, पूर्व सासंद कमला पाटले सहित प्रदेश के अनेक पदाधिकारी इस नामांकन रैली में शामिल होंगे। नामांकन के पूर्व कचहरी चौक में जनसभा भी होगी। गुरूवार को जहां जिला मुख्यालय में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की चहल-पहल रही वहीं शुक्रवार को भाजपा के बड़े नेताओं के साथ लोकसभा क्षेत्र के भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का जमावड़ा होगा।

किसी को भी पहना दे रहे भाजपा का गमछा : डा. महंत

सभा में डा. महंत ने कहा कि देश की रक्षा किसानों के खेत को पानी कांग्रेस की दे सकती है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों का आगमन हुआ है। जिनको देख रहे हैं भाजपा वाले अपना गमछा पहना दे रहे हैं। हमारा प्रदेश शांति प्रिय है हमे प्रेम, सद्भावना चाहिए । भाजपा के घोषणा पत्र में 2047 की बात कही गई है। केवल लोगों को स्प्वन दिखाया जा रहा है।

मंच पर कुर्सी के लिए भिड़े

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का भाजपा से मुकाबला है। यह लड़ाई तो बड़ी है और इसी के लिए सभा बैठकों का दौर चल रहा है मगर कांग्रेस में अनुशासन की कमी खुलकर सामने आ रही है। गुरूवार को कचहरी चौक में हुई सभा में बड़े नेताओं के आगमन के पहले ही स्थानीय कांग्रेसी कुर्सी पर बैठे थे जब डा. चरण दास महंत, कांग्रेस प्रत्याशी डा. शिव कुमार डहरिया, लोकसभा के आठों विधायक , जब मंच पर पहुंचे तो कुछ नेताओं ने स्वस्फूर्त कुर्सी छोड़ दी मगर कई लोग जमे रहे उन्हें माइक पर एनाउंस कर कुर्सी छोड़ने का आग्रह किया गया। मंच पर खड़े कांग्रेस के प्रदेश सचिव की जिला कांग्रेस अध्यक्ष और अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह की इस बात को लेकर बहस भी हो गई। बाद में उपस्थित नेताओं ने दोनों को समझाया और मामला शांत हुआ। कांग्रेसियों को अभी लोकसभा की जंग लड़नी है मगर वे मंच पर कुर्सी के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।

2024-04-18T18:54:57Z dg43tfdfdgfd