DELHI WEATHER: दिल्ली-नोएडा में ठंडी हवाओं ने लगाया गर्मी पर ब्रेक, नहीं बढ़ने दिया तापमान, अब बारिश के भी आसार

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम का रुख बदला-बदला सा है। राजधानी में सोमवार को तापमान 40 डिग्री पर पहुंचने का पूर्वानुमान था। लेकिन पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने ऐसा होने नहीं दिया। बढ़ते तापमान को हवा ने न सिर्फ रोका, बल्कि अब अगले दो दिनों तक तापमान में लगातार कमी आएगी। मई की शुरुआत तो सामान्य से काफी सुहावनी रहेगी। अधिकतम तापमान महज 35 डिग्री पर सिमट सकता है। 4 मई की शाम को बूंदाबांदी की संभावना भी है।

सामान्य से कम है दिल्ली का तापमानराजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। हवा में नमी का स्तर 23 से 72 प्रतिशत तक रहा। दिल्ली-एनसीआर की सबसे गर्म जगहों में रिज का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री, गुरुग्राम का 39.1 डिग्री, फरीदाबाद का 39.3 डिग्री, जाफरपुर का 39.1 डिग्री, नजफगढ़ का 39.4 डिग्री, पीतमपुरा का 39.3 डिग्री, पूसा का 39.2 डिग्री रहा।

आज भी चलेंगी ठंडा हवाएंपूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रह सकता है। एक मई को हवाएं और तेज हो जाएंगी। इनकी स्पीड 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी। इन हवाओं में पहाड़ों पर हुई बर्फ की ठंडक होगी। इसकी वजह से अधिकतम तापमान गिरकर 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक आ सकता है। 2 और 3 मई को एक बार फिर गर्मी बढ़नी शुरू हो जाएगी। अधिकतम तापमान 37 से 39 और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री रह सकता है। 4 मई को एक बार फिर तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। आंशिक बादल छाएंगे। शाम या रात के समय हल्की बारिश की संभावना है। 5 मई को आंशिक बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रह सकता है।

इस हफ्ते बारिश के भी आसारस्काईमेट के अनुसार, पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और उत्तरी पंजाब पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 30 अप्रैल और एक मई को एक पूर्व पश्चिम ट्रफ दिल्ली के करीब से गुजरेगी। इसकी वजह से तापमान में कमी आएगी। वहीं 4 से 7 मई के बीच छिटपुट बारिश, गरज, बिजली और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। अगले हफ्ते की शुरुआत दिल्ली-एनसीआर में शाम और रात की बारिश और तूफान के साथ हो सकती है।

सभी लेटेस्ट न्यूज़, बिज़नेस न्यूज़, लोकल न्यूज़, स्पोर्ट्स न्यूज़, दैनिक राशिफ़ल और लाइफस्टाइल अपडेट्स के लिए जुड़ें नवभारत टाइम्स से. हर तरह के वीडियो और रील्स देखें TimesXP पर.

2024-04-30T00:11:04Z dg43tfdfdgfd