Damoh Crime : नईदुनिया प्रतिनिधि, पथरिया दमोह। पथरिया में शराब के पैसे न देने पर भाजपा नेता पर हमला हुआ है। पुलिस ने आरोपितों पर मामला दर्ज कर लिया है। घायल टीकाराम जिले के पथरिया विधानसभा से विधायक और प्रदेश के पशुपालन मंत्री लखन पटेल के करीबी हैं। जिन पर पथरिया में कुछ लोगों ने शराब के पैसे न देने पर बका से हमला कर दिया। जिन्हे गंभीर हालत में इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के जबड़े पर गंभीर चोट है।
बताया गया है कि नारायण बंसल और माधव बंसल ने टीकाराम पटेल से शराब पीने के लिए रुपये मांगे थे। रुपये देने से मना किया तो आरोपितों ने हमला कर दिया जिसमें घायल का जबड़ा कट गया है। आसपास मौजूद लोग घायल को पथरिया स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे और वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल ने बताया कि आरोपितों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। मैंने नहीं दिए तो उन्होंने मुझ पर हमला कर घायल कर दिया। पथरिया थाना में पदस्थ एसआइ संतोष सिंह ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल रेफर कराया गया है। आरोपितों के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
2024-04-29T05:57:39Z dg43tfdfdgfd