BHIND NEWS: नरवाई से भूसा बना रही मशीन में आग लगी, ट्राली सहित 100 बीघा खेत में आग लगी

Bhind News: नईदुनिया प्रतिनिधि, असवार,लहार: लहार क्षेत्र में महाराणा प्रताप चौराहा पर पानी के पाइप लाइन और असवार के सुजानपुरा के हार में गेहूं की नरवाई में आग लग गई। देखते ही देखते आग करीब सौ बीघा खेत में खड़ी नरवाई जल गई। खेतों में आग करीब डेढ़ घंटे तक जलती रही। किसानों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाया है। घटना बुधवार शाम करीब चार बजे की है।

जानकारी के अनुसार असवार निवासी विजयसिंह त्यागी का सुजानपुरा क्षेत्र में 10 बीघा खेत है। इसमें उन्होंने इस बार गेहूं की फसल बोई थी। त्यागी ने हार्वेस्टर से गेहूं की फसल कटवा ली थी। बुधवार को भूसा बनाने के लिए त्यागी ने खेत में मशीन लगाई थी। शाम कमरीब चार बजे अचानक भूसा निकालने वाली मशीन में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे मशीन के पीछे भूसा एकत्रित करने के लिए लगाई गई ट्राली के टायर में आग लग गई। साथ ही आग ने पूरे खेत को चपेेट में ले लिया। शाम करीब साढ़े पांच बजे तक आग ने आसपास के क्षेत्र में करीब 100 बीघा खेत में खड़ी नरवाई में आग लग गई। किसानों का कहना है, कि आग की जानकारी तुरंत पुलिस और फायर बिग्रेड को दी गई, लेकिन डेढ़ घंटे बाद भी फायर बिग्रेड नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने खेत की जुताई कर आग को बढ़ने से राेका। किसानों का कहना है, कि आग से करीब डेढ़ लाख रुपये का भूसा जल गया है।

पानी के पाइप में लगी आग

लहार कस्बे में महाराणा प्रताप चौराहे पर बुधवार दोपहर करीब सवा तीन बजे नल-जल योजना के तहत बिछाने के लिए रखे प्लास्टिक के पाइप में लग गई। देखते ही देखते धुआं के साथ आग की लपटें उठने लगी। स्थानीय लोगों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। करीब 40 मिनट बाद फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। करीब से करीब 10 लाख रुपये से अधिक के पाइप जल गए हैं।

फायर बिग्रेड के टायर जले

बुधवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए मिहोना से लहार जा रही फायर बिग्रेड के टायर में अचानक आग लग गई। चालक ने टायरों को जलते हुए देखा तो तुरंत साइड में लगाई और पानी डालकर आग पर काबू पाया।

2024-05-02T04:54:24Z dg43tfdfdgfd