BALAGHAT CRIME : चार दिन बाद खेत में मिला शव, भांजे पर हत्या का आरोप

Balaghat Crime : नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। रूपझर पुलिस ने ग्राम सर्रा में बुजुर्ग का विक्षत अवस्था में शव बरामद किया है। मृतक चार दिनों से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है, जिसके कारण पुलिस हर बिंदु पर सूक्ष्मता से जांच कर रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही वह किसी नतीजे पर पहुंचेगी। स्वजनों ने इसे हत्या बताते हुए मृतक के भांजे पर मामा की हत्या का आरोप लगाया है और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।

शादी में शामिल होने घर से निकला, लेकिन फिर दोबारा घर नहीं लौटा

जानकारी के अनुसार, ग्राम सर्रा निवासी खेल सिंह पिता बोहरन पंद्रे (60) 21 अप्रैल से घर से लापता था। बताया गया कि उस दिन गांव में शादी थी। खेल सिंह शादी में शामिल होने घर से निकला, लेकिन फिर दोबारा घर नहीं लौटा। स्वजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में खेल सिंह की खोजबीन की। अंत में स्वजनों ने रूपझर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इससे पहले कि पुलिस व स्वजन खेल सिंह को तलाश कर पाते, गांव में ही खेत से उसका शव बरामद हुआ। शव पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे उसके साथ मारपीट कर हत्या करना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर में रहता था भांजा राम सिंह

गुरुवार को पोस्टमार्टम के दौरान जिला अस्पताल पहुंचे मृतक के स्वजनों ने बताया कि खेल सिंह पंद्रे की एक पुत्री है, जो विवाह के बाद ससुराल में रहती है। खेल सिंह का कोई पुत्र न होने के कारण उसने भांजे राम सिंह उम्र-25 को गोद पुत्र की तरह अपने घर में रखा और उसकी बचपन से परवरिश की। राम सिंह का लालन-पोषण खेल सिंह ही करता था। मृतक के दामाद चुन्नीलाल उइके ने बताया कि 21 अप्रैल को शादी वाले घर से उनके ससुर खेल सिंह अचानक गायब हो गए।

घर से 200 मीटर दूर राजेंद्र भलावी के खेत में बने गड्ढे में खेल सिंह का शव मिलने से सनसनी

गुरुवार को मृतक के घर से लगभग 200 मीटर दूर राजेंद्र भलावी के खेत में बने गड्ढे में खेल सिंह का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कुछ लोग खेत से आना-जाना कर रहे थे, तभी उन्हें तेज बदबू आई। आसपास ढूंढने पर खेत में बने बड़े गड्ढे में शव पड़ा था। शव पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, जिसके कारण खेल सिंह की हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। शव मिलते ही गांव में सब चकित रह गए। सूचना पर पहुंची रूपझर पुलिस और एफएसएल टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव बरामद किया।

कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका है राम सिंह: चुन्नीलाल

दामाद चुन्नीलाल उइके ने सीधे-सीधे राम सिंह पर अपने मामा की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि राम सिंह पहले भी कई बार खेल सिंह को जान से मारने की धमकी दे चुका है। दरअसल, राम सिंह शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी अत्यधिक शराब पीने की बुरी लत के कारण उसका रिश्ता नहीं जुड़ पा रहा था। राम सिंह अपने मामा से शादी कराने की जिद करता था और शादी न कराने पर खेल सिंह को धमकी देता था। घटना वाले दिन जब गांव में बारात आई, तब राम सिंह बारात देखने नहीं आया। देर रात तक उसे बार-बार खाना खाने कहा गया, लेकिन उसने शादी में खाना नहीं खाया। इसके पहले भी राम सिंह खेलसिंह, मुझे और मेरी पत्नी को जान से मारने की धमकी दे चुका हे। चुन्नीलाल ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की।

ग्रामीणों व स्वजनों की सूचना पर ग्राम सर्रा में खेत के गड्ढे से खेल सिंह का शव बरामद किया गया है। वह चार दिनों से लापता था। शव का पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। रिश्तेदारों ने मृतक के भांजे पर हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आती, तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता। रिपोर्ट में ही मृत्यु का कारण पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस मर्ग कायम कर मामले के हर बिंदु पर जांच कर रही है। आगे जो तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर विधिवत कार्रवाई की जाएगी।

नितिन पटले, निरीक्षक, थाना रूपझर

2024-04-26T06:00:41Z dg43tfdfdgfd