AMBIKAPUR NEWS : मुख्य मार्ग पर गिरा विशालकाय पेड़, घंटों रहा आवागमन बाधित

नईदुनिया न्यूज, प्रतापपुर: शुक्रवार को बाजार के दिन प्रतापपुर से सेमरसोत मुख्य मार्ग में एक विशालकाय आम का पेड़ गिर जाने से घंटों तक आवागमन व नगर की बिजली व्यवस्था बाधित रही। शुक्रवार को प्रतापपुर में आंधी तूफान या बारिश जैसी कोई स्थिति निर्मित नहीं थी। मौसम बिलकुल साफ था। तभी अचानक लगभग 50 वर्ष पुराना एक विशालकाय आम का पेड़ दो हिस्सों में बंटते हुए प्रतापपुर-चलगली मार्ग पर धराशायी होकर गिर गया। पेड़ का एक हिस्सा मार्ग के किनारे स्थित नगर पंचायत के सामुदायिक भवन की ओर तथा दूसरा हिस्सा मुख्य मार्ग पर गिर गया। पेड़ के संपर्क में आकर नगर पंचायत द्वारा मुख्य मार्ग पर लगाई गई स्ट्रीट लाइट का एक खंभा व सामुदायिक भवन की ओर लगे बिजली के तार भी टूटकर गिर गए। सूचना पर बिजली विभाग ने तत्काल विद्युत प्रवाह बंद किया तथा नगर पंचायत के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को मुख्य मार्ग से हटाने का काम शुरू किया। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद मुख्य मार्ग पर धराशायी होकर गिरे विशालकाय पेड़ को अलग अलग हिस्सों में काटकर हटाया गया तब कहीं जाकर मार्ग में आवागमन की व्यवस्था बहाल हुई।

बता दें कि यह आम का पेड़ काफी पुराना होने के कारण कमजोर स्थिति में था। पेड़ का एक हिस्सा सामुदायिक भवन तथा दूसरा हिस्सा मुख्य मार्ग की ओर लंबे समय से झुका हुआ था। हालांकि पेड़ सूखी हुई स्थिति में नहीं था उसमें आम भी लगे हुए थे पर झुकी हुई हालत के कारण उसके ऊपर पड़ रहे अत्यधिक दबाव को वह झेल नहीं पाया और आंधी तूफान या बारिश के बिना ही गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा उस समय मार्ग से कोई वाहन या व्यक्ति नहीं गुजर रहा था अन्यथा बड़ी घटना भी घटित हो सकती थी।

पहले भी गिर चुके हैं कई पेड़

बता दें कि प्रतापपुर से सेमरसोत जाने वाले मार्ग के जिस स्थान पर शुक्रवार को उक्त विशालकाय आम का पेड़ गिरा उसी स्थान पर और भी कई आम के पेड़ मौजूद हैं। जो पचास वर्ष से भी ज्यादा पुराने हो चुके हैं। मुख्य मार्ग के दोनों किनारों पर इन पेड़ों में से कई पेड़ आंधी तूफान व अन्य कारणों से पहले भी गिर चुके हैं। पेड़ों के गिरने से मार्ग के किनारे मौजूद छोटे कारोबारियों की कई गुमटियां भी जमींदोज हो चुकी हैं। वर्तमान में जो पेड़ वहां जो पेड़ मौजूद हैं उनमें से कई पेड़ पुराने व जर्जर हो चुके हैं। इनके गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों का कहना है कि शासन प्रशासन को इस दिशा में ध्यान देते हुए तत्काल इन जर्जर पेड़ों को मुख्य मार्ग से हटा देना चाहिए अन्यथा भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना भी घटित हो सकती है।

2024-04-19T18:40:29Z dg43tfdfdgfd