AMBIKAPUR CRIME NEWS : घाघी नदी पुल से नीचे गिरा ट्रेलर , चालक व क्लीनर की मौत

नईदुनिया न्यूज, राजपुर : अंबिकापुर - रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजपुर और बलरामपुर के बीच क्लिंकर लोड ट्रेलर घाघी नदी पुल से नीचे गिर गया। दुर्घटना में चालक को क्लीनर की मौत हो गई। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बारिश के बीच केबिन में फंसे चालक और क्लीनर के शव को बाहर निकाला गया। पस्ता पुलिस के साथ हाईवे पेट्रोलिंग बलरामपुर की टीम दुर्घटना स्थल पर दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक डटी रही।

जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार से क्लिंकर लोड कर ट्रेलर बिहार के औरंगाबाद जा रही थी। ट्रेलर में चालक के अलावा क्लीनर भी था। राजपुर और बलरामपुर के बीच सेमरसोत जंगल में घाघी नदी पुल के पास चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया।तेज गति के कारण अनियंत्रित हुई ट्रेलर सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए सीधे पुल से नीचे गिर गया।राह चलते लोगों के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना मिली। पस्ता थाना प्रभारी विमलेश सिंह के साथ बलरामपुर से हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग की टीम तथा पस्ता थाना से पुलिस अधिकारी कर्मचारी तत्काल घटना स्थल पर पहुंच गए। पुल से नीचे गिरा ट्रेलर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।

क्लिंकर भी बिखर गया था। क्षतिग्रस्त वाहन को सीधा किए बिना उसमें फंसे चालक व क्लिंकर को बाहर निकाल पाना संभव नहीं था। बलरामपुर से हाइड्रा मंगवाया गया। इधर बचाव कार्य के कारण मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हुआ। हाइड्रा के माध्यम से ट्रेलर को सीधा किया गया। केबिन के दोनों दरवाजे धंस गए थे। चालक और क्लीनर को बाहर निकालने के लिए केबिन के एक ओर के गेट को सब्बल से बड़ी मुश्किल से तोड़ा गया। तब दोनों के शव निकाले जा सके। दुर्घटना में मृत चालक का नाम नरेंद्र कुमार(40) बताया जा रहा है। वह बिहार के औरंगाबाद के मेंढार जमहोर का रहने वाला है। क्लीनर की पहचान अजीत कुमार के रूप में की गई है। बताते चलें कि अंबिकापुर रामानुजगंज मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा तो मिल गया है लेकिन पस्ता से बलरामपुर के बीच कई स्थान पर सड़क की चौड़ाई कम है। बड़े-बड़े पेड़ सड़क के किनारे हैं। सड़क की चौड़ाई कम होने तथा खतरनाक मोड़ के कारण भी हादसे होते हैं।

2024-07-04T17:54:17Z dg43tfdfdgfd