नोट के बदले वोट का खेल हुआ जगजाहिर : मंगल

सूबे के स्वास्थ्य एवं कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने कांग्रेस व विपक्षी गठबंधन के तमाम सहयोगियों की कड़ी आलोचना की है। सोमवार को जारी बयान में कहा कि विपक्ष नोट के बदले वोट का खेल खुलेआम खेल रहा है। एक ओर पीएम देश के विकास के लिए हर पल पसीना बहा रहे हैं, तो दूसरी ओर कांग्रेस देश को लूटने का काम कर रही है। उसका ताजा उदाहरण झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्रालय में टेंडर कमीशन घोटाला मामले में ईडी की कार्रवाई है।

मंत्री ने कहा कि झारखंड के कांग्रेस नेता एवं ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर के निजी सचिव संजीव लाल के घरेलू सहायक के परिसरों की तलाशी ली गई है, जिसमें लगभग 40 करोड़ से अधिक कैश बरामद किया गया है। झारखंड के संसदीय कार्य और ग्रामीण विकास मंत्री जो 2006-09 तक झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रहे। पाकुड़ विधानसभा से कांग्रेस के 4 बार विधायक रहे। उनके निजी सचिव के मामूली कर्मचारी के पास आखिर इतना कैश कहां से आ गया। ये पैसा निश्चित तौर पर कांग्रेस का है। गरीबों, किसानों व महिलाओं को न्याय का वादा कर उनको ठगा है। देश के गरीबों का पैसा लूटा है। देश को कांग्रेस ने एक पर एक घोटाले कर आर्थिक तौर पर पंगू बना दिया। आज पीएम मोदी उसे पटरी पर लाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। मेरी मांग है कि झारखंड के इस मंत्री की संपत्ति व उनके सहयोगी के पास से बरामद कैश की सीबीआई जांच हो। कांग्रेस इन पैसों का दुरुपयोग चुनाव प्रभावित करने के लिए कर रही होगी।

2024-05-07T12:13:06Z dg43tfdfdgfd